राजनीति

धार्मिक आयोजनों और त्यौहारों पर सभी व्यवस्थायें चाक- चौबंद रहें , डबरा में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में पहुँच रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ अन्य प्रबंधन भी मुस्तैदी से हों : प्रभारी मंत्री

सिलावट ने जिला प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, महाशिवरात्रि पर्व पर शिव मंदिरों पर साफ-सफाई की व्यवस्थायें बेहतर हों

ग्वालियर। जिले के प्रभारी मंत्री  तुलसीराम सिलावट ने कहा है कि धार्मिक आयोजनों एवं त्यौहारों के अवसर पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएं। जिन स्थानों पर अधिक भीड़ एकत्रित होने की संभावना हो वहाँ पर सुरक्षा के साथ-साथ अन्य प्रबंधन भी सुनिश्चित किए जाएं।

प्रभारी मंत्री सिलावट ने गुरुवार को जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में यह बात कही। मुरार सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में विधायक भितरवार  मोहन सिंह राठौर, ग्रामीण जिला अध्यक्ष  प्रेम सिंह राजपूत, आईजी अरविंद कुमार सक्सेना, डीआईजी अमित सांघी, कलेक्टर  रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  धर्मवीर सिंह, सीईओ जिला पंचायत  सोजान सिंह रावत, एसडीएम भितरवार  राजीव समाधिया सहित राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिले के डबरा में नवग्रह शक्ति पीठ पर आयोजित हो रहे धार्मिक आयोजन में गत दिनों जो घटना हुई है, इस प्रकार की घटना पुन: न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। वहाँ पर आ रहे धर्मप्रेमी, नागरिकों की सुरक्षा के साथ- साथ अन्य प्रबंधन भी मुस्तैदी से हों, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कंट्रोल रूम गठित हो और वरिष्ठ अधिकारी निरंतर मॉनीटरिंग करें, यह भी सुनिश्चित किया जाए।

आयोजकों से भी इस संबंध में सतत संपर्क कर व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद किया जाए। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी नियमित व्यवस्थाओं को देखें और मॉनीटरिंग करें। आयोजन स्थल पर एवं आसपास भी फायर सेफ्टी, पार्किंग एवं आपदा प्रबंधन की टीम भी मुस्तैद रहे। प्रसादी वितरण व्यवस्था पर भी निगरानी रखी जाए। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर जाने वाले मार्गों पर भी सुरक्षा एवं अन्य प्रबंधन किए जाएं। इसके साथ ही चिकित्सा दल भी कार्यक्रम स्थल के आसपास तैनात रहे और जरूरत पड़ने पर तत्परता से कार्य करे। दल में चिकित्सकों को भी अनिवार्यत: रखा जाए। 

सुरक्षा के साथ ही अन्य व्यवस्थायें भी चाक-चौबंद रहें

प्रभारी मंत्री सिलावट ने कहा कि जिले में त्यौहारों के दौरान भी सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थायें चाक-चौबंद रहें, इसके लिये जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाएं। महाशिवरात्रि पर्व पर भी सभी शिव मंदिरों पर साफ-सफाई की व्यवस्थायें बेहतर हों। बैठक में आईजी अरविंद कुमार सक्सेना ने डबरा सहित अन्य धार्मिक आयोजनों के संबंध में पुलिस द्वारा किए गए प्रबंधनों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डबरा में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ फायर, पार्किंग, चिकित्सा आदि की व्यवस्थायें सुनिश्चित की गई हैं। त्यौहारों के दृष्टिगत भी सभी प्रसिद्ध मंदिरों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि डबरा में जिला प्रशासन के माध्यम से राजस्व अधिकारियों सहित अन्य अधिकारियों को तैनात किया है। कंट्रोल रूम गठित कर व्यवस्थाओं पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। आयोजनकर्ताओं से भी समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का कार्य किया गया है।