अपना शहर

एलिवेटेड रोड निर्माण से टूटी सीवर लाइन ; निरीक्षण में अनेक स्थानों पर टूटी मिली सीवर लाइन, निगमायुक्त ने पीएचई के इंजीनियरों से टूटी हुई सीवर लाइन की पूरी रिपोर्ट तलब की है

ग्वालियर विधानसभा में रमटापुरा पुल और उसके आसपास के क्षेत्र का सोमवार को निगमायुक्त ने निरीक्षण किया, अधिकांश स्थानों पर पिलर खड़े करने के दौरान सीवर लाइनों को तोडा है

ग्वालियर। शहर के यातायात को सुधारने के लिए किए जा रहे एलिवेटेड रोड के निर्माण कार्य के दौरान स्वर्णरेखा नदी में टूटी सीवर लाइन का नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें अनेक स्थान पर सीवर लाइन टूटी मिली। नगर निगम आयुक्त ने पीएचई विभाग के इंजीनियरों को टूटी हुई सीवर लाइन की पूरी रिपोर्ट बनाने के निर्देश दिए हैं। 

नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने ग्वालियर विधानसभा में रमटापुरा पुल और उसके आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एलिवेटेड रोड निर्माण के लिए खड़े किए पिलरों के कारण टूटी हुई सीवर लाइनों को देखा। अधिकांश स्थानों पर पिलर खड़े करने के दौरान सीवर लाइनों को तोड़ दिया गया है। इसके कारण दक्षिण विधानसभा, ग्वालियर पूर्व एवं ग्वालियर विधानसभा में सीवर लाइनें चौक होने की समस्या आ रही है। इसके साथ ही उन्होंने रमटापुर के आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने न्यू गायत्री नगर पुल के पास से स्वर्णरेखा नदी में डली सीवर लाइन का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही निगमायुक्त ने आसपास के क्षेत्र को भी देखा। इस दौरान उन्हें दक्षिण विधानसभा में अधिकांश स्थानों पर सीवर लाइन टूटी मिली है।

स्वर्ण-रेखा नदी में भर रहा है सीवर का पानी

स्वर्णरेखा नदी में 25 साल पहले बिछाई गई सीवर लाइन में दक्षिण विधानसभा, ग्वालियर पूर्व एवं ग्वालियर विधानसभा की सीवर लाइनें मिली हुई हैं। यह सीवर लाइन शहर की गंदगी को जलालपुर सीवर ट्रीटमेंट प्लांट तक लेकर जाती है। वर्तमान समय में स्वर्णरेखा नदी में एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण सीवर लाइन टूट चुकी है, इसके कारण सीवर का पानी स्वर्णरेखा नदी में भर रहा है।

निगमायुक्त के निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त प्रदीप सिंह तोमर, प्रभारी कार्यपालन यंत्री आरके शुक्ला,सहायक यंत्री  रामसेवक शाक्य सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।रहे।