टॉप न्यूज़

वायुसेना का दिखा अलग रंग; मेले में वायुसेना के बैण्ड पर बालीवुड की धुन पर झूमे श्रोता, हिंदुस्तान मेरी जान गीत ने बांधा समा,बैण्ड ने शुरूआत फन फेयर की मधुर धुन से की

ग्वालियर व्यापार मेले में पहली बार वायुसेना के बैण्ड ने अपनी दो दिवसीय प्रस्तुति दी है, इस प्रस्तुति में वायुसेना के जवानों के कई रंग देखने को मिले

ग्वालियर। हिंदुस्तान मेरी जान गीत के साथ वायुसेना के बैण्ड ने शनिवार की शाम मेले में प्रस्तुति की शुरूआत की। ग्वालियर व्यापार मेले में वायुसेना के बैण्ड द्वारा दी गई रोमाटिंक गानों की शानदार धुन को सुनकर दर्शक हतप्रद रह गए। ग्वालियर व्यापार मेले में वायुसेना के बैण्ड का अलग ही रंग सैलानियों को देखने मिला। वायुसेना के बैण्ड पर रोमांटिक बालीवुड के गानों को सुनकर जो दर्शक जहां खडा था वहीं पूरी तन्मयता के साथ बैण्ड की प्रस्तुति को सुनने में मग्न हो गया। 

इस अवसर पर एयर कमोडोर मनीष शर्मा वायुसेवा मेडल एयर ऑफिसर कमांडिंग एयरफोर्स स्टेशन ग्वालियर, ग्रुप कैप्टन सुभाष सी सिंह चीफ एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर, ग्रुप कैप्टन अमित बाजपेई स्टेशन सिक्योरिटी ऑफिसर, कलेक्टर रूचिका चौहान व नगर निगम आयुक्त  संघ प्रिय आदि मौजूद रहे।

 ग्वालियर व्यापार मेले में पहली बार वायुसेना के बैण्ड द्वारा दो दिवसीय प्रस्तुति के मौके पर कलेक्टर रुचिका चौहान ने एयरफोर्स के बैंड द्वारा दी गई शानदार प्रस्तुति के लिए एयरफोर्स के अधिकारियों और बैंड के सदस्यों को धन्यवाद दिया। साथ ही सभी को स्मृति चिन्ह भी भेंट किए । ग्वालियर व्यापार मेले में पहली बार वायुसेना के बैण्ड ने अपनी दो दिवसीय प्रस्तुति दी है। इस प्रस्तुति में वायुसेना के जवानों के कई रंग देखने को मिले। वायुसेना के बैण्ड ने शुरूआत फन फेयर की मधुर धुन से की। इसके बाद वंदे मातरम एवं हिंदुस्तान गीत की मधुर धुन प्रस्तुत की। 

रोमाटिंक गीतों की प्रस्तुति में दिखा वायुसेना का अलग रंग 

वायुसेना के बैण्ड ने दूसरे दिन बालीवुड के रोमांटिक गानों की सुंदर प्रस्तुतियां दीं। सिनेजगत के गानों में 80-90 के दशक के रोमांटिक गानों ने समा बांध दिया। सबसे पहले एयरफोर्स के जवानों ने 'बदन पर सितारे लपेटे हुए, ओ जाने तमन्ना कहां जा रही हो... गाने की प्रस्तुति दी। इसके बाद जब हम चले, छूकर मेरे मन को किया तुने क्या इशारा आदि गानों की प्रस्तुति दी गई।

 एयरफोर्स के स्टॉल पर सामान खरीदने उमड़ी भीड़

मेले में बैंड की दो दिवसीय प्रस्तुति के दौरान वायुसेना की ओर से स्टॉल भी लगाया गया था। इस स्टॉल पर वायुसेना की टोपी, टीशर्ट सहित विभिन्न प्रकार की वस्तुएं विक्रय के लिए रखी थीं। इन वस्तुओं को मेले में आए सैलानियों ने काफी पंसद किया और जमकर वस्तुओं की खरीदारी की।