ग्वालियर। स्वच्छता के प्रति आमजनों को जागरूक करने के लिए नगर निगम ने वॉल पेंटिंग 3.0 प्रतियोगिता का आयोजन रविवार को किया गया। शहर में स्वच्छता की अलख जगाने के लिए आज छात्रों ने मेला ग्राउण्ड के पीछे दीवार पर वॉल पेंटिग कर सुंदर-सुंदर कलाकृतियां उकेरकर आमजनों को स्वच्छता का संदेश दिया। नगर निगम द्वारा रविवार को सुबह 9 बजे से मेला ग्राउंड के पीछे दर्शनसिंह मार्ग पर वॉल पेंटिंग 3.0 प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों में से सोमाभा सेन को प्रथम स्थान मिलने पर उन्हें ₹5100 का पुरस्कार प्रदान किया गया। इसी प्रकार द्वितीय स्थान पर रहने वाले कुलदीप राजोरिया,भव्य गुर्जर को 3100 रुपए तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली अमृता धाकड़ व अनिकेत को ₹ 2100 का नगद पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया । इसके साथ ही नगर निगम ग्वालियर द्वारा सभी प्रतिभागियों को 500 रुपए एवं प्रशस्ति पत्र अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने प्रदान किए गए । प्रतियोगिता के आयोजन अवसर पर नोडल अधिकारी मुकेश बंसल, आईसी की पूरी टीम उपस्थित रही।
स्वच्छता के प्रति आमजनों को जागरूक करने के लिए नगर निगम ने वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया । नगर निगम द्वारा आयोजित यह तीसरी प्रतियोगिता है। इससे पूर्व मोती तबेला से लेकर नदीगेट पर वॉल पेंटिंग की प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, इसके बाद शिशु मंदिर से लेकर बैजाताल के मोड़ तक वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता हुई थी। इस बार यह प्रतियोगिता दर्शन सिंह मार्ग मेला ग्राउण्ड पर आयोजित की गई। सुबह 9 बजे से छात्र बड़ी संख्या में वॉट पेंटिंग के लिए पहुुंचे थे। छात्रों ने दीवार पर सुंदर-सुंदर कलाकृतियों को उकेरा, इसके लिए पहले छात्रों ने स्केच से कलाकृतियों के डिजाइन बनाए बाद में छात्रों ने इनमें रंग भरा।
टेबल आदि की निगम की ओर से की थी सभी व्यवस्था
यहाँ की दीवार लगभग 10 फीट ऊंची है, इसके चलते नगर निगम ने वहां पर टेबल आदि की व्यवस्था कर रखी थी, इसके बाद कई छात्रों ने टेबल पर चढक़र वॉल पेंटिंग की। और एक से बढ़कर एक सुंदर- सुंदर कलाकृतियों को 10 फीट ऊंची दीवार पर उकेरा गया है।
प्रतियोगिता में छात्राओं ने वॉल पेंटिंग में बिखेरे रंग
वॉल पेंटिंग में छात्राओं ने भी बढ़-चढक़र हिस्सा लिया, सुबह से ही छात्राएं वॉल पेंटिंग के लिए मेला ग्राउंड के पीछे दर्शन सिंह मार्ग पर पहुंच गई थीं, जहां पर पहले से ही निगम के अधिकारी अपने सहायक अमले के साथ मौजूद थे। इतना ही नहीं प्रत्येक वॉल पेंटिंग करने वाले अर्टिस्ट को नगर निगम की ओर से रंग और ब्रेश आदि सहायक सामग्री भी सभी प्रतिभागियों को उपलब्ध कराई गई थीं।
स्वच्छता व पर्यावरण-संरक्षण का दिया संदेश
वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता में छात्रों को नगर निगम द्वारा कोई टॉस्क नहीं दिया गया था, इसके लिए छात्र अपनी स्वेच्छा से वॉल पेंटिंग करने के लिए स्वतंत्र थे। ऐसे में किसी छात्र ने शिक्षा का संदेश देते हुुए स्कूल जाते हुए बच्चे की पेंटिंग बनाई तो किसी ने प्रकृति की सुरक्षा का संदेश देने के लिए खुला प्रदूषण रहित आसमान और उसमें उड़ते पक्षियों को दर्शाया, तो किसी ने जंगल की सुरक्षा करने का संकल्प दोहराते हुए हरे-भरे पेड़ और उनमें अटखेलियां करते जानवर दर्शाए। इसी तरह किसी ने जल संरक्षण का संदेश देते हुए स्वच्छ नदी में कलरव करते पक्षियों के चित्र बनाए। वहीं कई छात्रों ने स्वच्छता का संदेश देने के लिए कचरा टिपर वाहन में ही डालने के चित्र बनाए।
