ग्वालियर। वृद्ध महिला से गहने लूटने वाले दो आरोपियों को मोहना पुलिस ने ग्वालियर के गिरवाई क्षेत्र से गिरफ्तार कर लूट का खुलासा किया है। ग्वालियर की मोहना पुलिस की शातिर लुटेरों के खिलाफ की गई कार्यवाही में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक काले रंग की बिना नम्बर की स्पलेंडर बाइक आरोपियों से बरामद की है। पुलिस की गिरफ्त में आये बदमाशों ने बीते माह 22 जनवरी को मोहना में महिला के कान के बाले और मंगलसूत्र लूटकर वारदात को अंजाम दिया था और मौके से ग्वालियर की ओर फरार हो गए थे।
मोहना में वृद्ध महिला से लूट की घटना प्रकाश में आने पर एसएसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह द्वारा एएसपी ग्रामीण जयराज कुबेर को थाना मोहना पुलिस की टीम बनाकर लूट के प्रकरण में फरार सभी आरोपियों की तलाश कर पकड़ने के लिए निर्देशित किया था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों पर एसडीओपी घाटीगांव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मोहना ने थाने की फोर्स एवं तकनीकी सेल को लूट के प्रकरण में फरार आरोपियों की तलाशी में लगाया था।
लूट की वारदात की विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीव्ही कैमरे चेक किये। साथ ही आरोपियों के भागने का रूट मैप तैयार किया तो पता चला कि आरोपी घटना के बाद ग्वालियर शहर की तरफ भागे हैं। जिसके बाद लुटेरों की तलाश ग्वालियर शहर में की गई तथा मुखबिर तंत्र सक्रिय किये। बीते रोज 6 फरवरी को पुलिस टीम को जरिए मुखबिर सूचना मिली कि लूट प्रकरण के दोनों आरोपी काले रंग की स्पलेंडर बाइक से गोलपहाडिया तरफ से पनिहार की तरफ जा रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने मां भद्रकाली मंदिर के सामने गिरवाई रोड पर जाकर देखा तो दो संदिग्ध लड़के एक बाइक पर आते दिखे, जिन्हें पुलिस टीम द्वारा रोका गया तो उन्होनें भागने का प्रयास किया। लेकिन मुस्तैद पुलिस जवानों ने दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। पूछताछ में एक ने अपना नाम विकास उर्फ विक्की कुशवाह पुत्र कालीचरण कुशवाह 19 साल निवासी ग्राम बिटोली थाना तिघरा जिला ग्वालियर तथा दूसरे ने सूरज दिवाकर पुत्र स्व. बीरेन्द्र दिवाकर 21 साल निवासी ग्राम भटपुरा थाना कैलारस जिला मुरैना हाल तिघरा बायपास ग्वालियर का होना बताया। पकड़े गये दोनों शातिरों से लूट की घटना के संबंध में गहनता से पूछताछ करने पर उनके द्वारा थाना मोहना क्षेत्र के बायपास पर वृद्ध महिला के गहने लूटना स्वीकार किया। पकड़े गये आरोपी विकास उर्फ विक्की कुशवाह के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक काले रंग की बिना नम्बर की स्पलेंडर बाइक जब्त कर दोनों आरोपियों को थाना मोहना के लूट मामले में गिरफ्तार किया । पकड़े गये दोनों आरोपियों की निशादेही पर लूटे गये गहनों को बरामद करने के प्रयास किये जा रहे हैं।हैं।
