अपना शहर

आवारा कुत्तों के आतंक से सहमे लोग थाने पहुंचे ; ग्वालियर में 'डॉग लवर्स' और रहवासियों के बीच ठनी, पुलिस मौके पर पहुंची तो पुलिस के सामने भी हुई मारपीट

पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल है, महानगर में इन दिनों शहर की कई पॉश कॉलोनियों के रहवासी इस समस्या से परेशान हैं, ये निगम की कुत्तों को पकड़ने वाले वाहन के कार्य में भी व्यवधान पैदा करते हैं

ग्वालियर शहर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के 24 बीघा इलाके में आवारा कुत्तों (श्वान) का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब स्थानीय निवासियों का सब्र का बांध भी टूट गया है। कुत्तों के काटने से परेशान बड़ी संख्या में लोगों ने एकजुट होकर थाने में शिकायती आवेदन दिया है। 

महानगर में इन दिनों शहर की कई पॉश कॉलोनियों के रहवासी भी आवारा कुत्तों के आतंक के साथ ही इन कथित 'डॉग लवर्स' से ज्यादा परेशान हैं। ये नगर निगम की कुत्तों को पकड़ने वाले वाहन के अमले के साथ भी अभद्रता से पेश आते हैं और उनके कार्य में भी व्यवधान पैदा करते हैं। और अमले पर अनावश्यक दबाव डालकर पकड़े हुए आवारा कुत्तों को फ़िर छुड़ा लेते हैं। ऐसा ही मामला अभी कुछ हफ्ते पहले ही दर्पण कॉलोनी में भी सामने आया था, जहां कुत्तों के आतंक से परेशान एक बुजुर्ग ने नगर निगम में शिकायत की थी तो निगम की गाड़ी आवारा कुत्तों को पकड़ने पहुँची थी, लेकिन निगम का अमला अपने कार्य को अंजाम देता तब तक 'डॉग लवर्स' ने जमकर हल्ला काटा और निगम के अमले को भी पकड़े हुए कुत्तों को भी छोड़कर भागना पड़ा था। इतना ही नहीं उसने शिकायत करने वाले बुजुर्ग के साथ भी इतनी अभद्रता की सीनियर सिटीजन को अपनी लाज बचाने के लिए पास के ही एक मकान में जाकर शरण लेनी पड़ी थीं ।

​एक दर्जन से अधिक बच्चों को बना चुके हैं शिकार

बहोड़ापुर क्षेत्र के 24 बीघा इलाके के स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इलाके में आवारा कुत्ते अब तक 10 से 12 बच्चों को काटकर घायल कर चुके हैं। रहवासियों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि एक स्थानीय महिला इन कुत्तों को संरक्षण देती है, जिसके कारण इनका जमावड़ा बढ़ता जा रहा है और आवारा कुत्तों का हमलावर व्यवहार बढ़ता ही जा रहा है।

स्थानीय निवासियों ने ​पुलिस से की कार्रवाई की मांग 

क्षेत्र के परेशान लोगों ने बहोड़ापुर थाने में एक आवेदन देकर संबंधित महिला ('डॉग लवर्स') के खिलाफ कार्रवाई और कुत्तों से निजात दिलाने की गुहार लगाई है। बताया जाता है कि पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।है।