राजनीति

केंद्रीय बजट 2026 ; प्रभारी मंत्री सिलावट ने विकास और जनकल्याण को समर्पित बताया बजट ; मंत्री कुशवाह ने कहा- आम बजट विकसित भारत के लक्ष्य पूर्ति की दिशा में बढ़ता कदम है

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट की सराहना करते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कहा है कि यह बजट आर्थिक प्रगति को बढ़ावा देने के साथ सभी की उम्मीदों को पूरा करने वाला है

ग्वालियर। पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा रविवार को प्रस्तुत केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए ग्वालियर के जनप्रतिनिधियों ने प्रतिक्रिया में कहा है कि यह बजट विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में अहम भूमिका निभाएगा। यह बजट सबका साथ, सबका विकास की भावना के अनुरूप है। यह बजट आर्थिक प्रगति को बढ़ावा देने के साथ सभी की उम्मीदों को पूरा करने वाला है।

जल संसाधन एवं ग्वालियर जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने प्रस्तुत किए केंद्रीय बजट 2026 का स्वागत करते हुए कहा है कि यह बजट विकास और जनकल्याण को समर्पित है। इसके लिए उन्होनें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया है और प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं।

जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर  अग्रसर है। पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 का यह बजट देश के समग्र विकास, ग्रामीण सशक्तिकरण, कृषि एवं जल संसाधन प्रबंधन, तथा आधारभूत संरचना के विस्तार की दिशा में सकारात्मक पहल है। बजट में केंद्र प्रायोजित योजनाओं के माध्यम से राज्यों को लाभ पहुँचाने का स्पष्ट दृष्टिकोण दिखाई देता है, जिससे मध्यप्रदेश को व्यापक लाभ मिलेगा। 

प्रभारी मंत्री ने कहा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश के विकास में यह बजट मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कहा कि जल संरक्षण, सिंचाई, कृषि, पर्यावरण संतुलन और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं पर केंद्र सरकार का विशेष फोकस प्रदेश के किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। इससे जल सुरक्षा को मजबूती मिलेगी और विकास कार्यों को नई गति प्राप्त होगी। जल संसाधन मंत्री ने पीएम मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को केंद्र में रखकर तैयार किया है, जो आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और सशक्त करता है। मंत्री सिलावट ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वय से केंद्रीय बजट के प्रावधानों का मध्यप्रदेश में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे मध्यप्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेगा।

आम बजट विकसित भारत के लक्ष्य पूर्ति की दिशा में बढ़ता कदम है 

सामाजिक न्याय दिव्यांग जन कल्याण खाद्य एवं प्रसंस्करण मंत्री  नारायण सिंह कुशवाह ने कहा है कि केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमन  ने जो आम बजट प्रस्तुत किया है वह पीएम नरेंद्र मोदी की 2047 के समृद्ध भारत के विजन को परिलक्षित करने वाला बजट है। यह बजट विकसित भारत के लक्ष्य की पूर्ति में बढ़ता हुआ कदम है। इस बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य और सूक्ष्म-लघु उद्योग को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया है। खेती में AI का प्रयोग बढ़ाया जाएगा। अधोसंरचना विकास को बढ़ावा देने वाला, जनता को समर्पित,विकासोन्मुख और समावेशी बजट है।

देश के सर्वांगीण विकास का बजट : ऊर्जा मंत्री 

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा रविवार को प्रस्तुत केंद्रीय बजट को ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने देश के सर्वांगीण विकास का बजट कहा है। उन्होंने जनता को समर्पित, विकासोन्मुख और समावेशी बजट बताया है। मंत्री तोमर ने पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय वित्त मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग सहित सभी को राहत देने वाला है। मंत्री तोमर ने कहा कि बजट में मध्यप्रदेश को मिली सौगातें रोजगार के नए द्वार खोलेंगी। उन्होंने कहा कि शहरों के विकास के लिए किए गए बजट प्रावधान से भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन जैसे शहरों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।