राजनीति

"केंद्रीय बजट विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में अहम भूमिका निभाएगा": आर्थिक प्रगति को बढ़ावा देने के साथ सभी की उम्मीदों को पूरा करने वाला है बजट, इसके प्रावधानों से मध्यप्रदेश के सर्वांगीण विकास का मार्ग और प्रशस्त होगा ; डॉ. यादव

सीएम मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने प्रदेश कार्यालय में केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया दी , प्रदेशभर में मंडल स्तर तक कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय बजट की सरहाना की

केन्द्रीय बजट राष्ट्र निर्माण, विकसित भारत और आर्थिक आत्मनिर्भरता की परिकल्पना को साकार करेगा, हर वर्ग की आकांक्षाओं को पंख देने वाला है यह बजट, ईमानदार करदाता को राहत, मध्यम वर्ग को सम्मान के साथ जनता के विश्वास व विकास का बजट है: खण्डेलवाल

भोपाल/इंदौर/बैतूल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक  हेमंत खण्डेलवाल ने बैतूल एवं मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री  जगदीश देवड़ा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं व आमजन के साथ केंद्रीय बजट का लाइव प्रसारण देखकर प्रतिक्रिया व्यक्त की। इसके साथ ही प्रदेशभर में मंडल स्तर तक स्क्रीन लगाकर केंद्रीय बजट को लाइव देखा व श्रवण किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के डेली कॉलेज में केंद्रीय बजट पारित होने के बाद कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत किया केंद्रीय बजट विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में अहम भूमिका निभाएगा। यह बजट सबका साथ, सबका विकास की भावना के अनुरूप है। यह बजट आर्थिक प्रगति को बढ़ावा देने के साथ सभी की उम्मीदों को पूरा करने वाला है। बजट में वस्त्र उद्योग क्षेत्र में रिफार्म के प्रावधानों से मध्यप्रदेश के कपड़ा उद्योग को बहुत फायदा मिलेगा। बजट में राज्यों के लिए एक लाख 40 हजार करोड़ के अनुदान का प्रावधान मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों के विकास में बड़ा सहायक होगा। यह बजट देश की अर्थव्यवस्था को वैश्विक स्तर पर और उच्च स्थान पर पहुंचाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने बैतूल के रामकृष्ण बगिया में केंद्रीय बजट के लाइव प्रसारण का श्रवण करने के बाद प्रतिक्रिया में कहा कि पीएम मोदी जी के नेतृत्व में पेश किया यह केंद्रीय बजट जनता के विश्वास पर आधारित विकास का बजट है। यह बजट हर वर्ग की आकांक्षाओं को पंख देने वाला है। यह बजट राष्ट्र निर्माण, विकसित भारत और आर्थिक आत्मनिर्भरता की परिकल्पना को साकार करेगा। भारत की मजबूत नींव रखने के साथ अहम योगदान देगा। ईमानदार करदाताओं को राहत, मध्यम वर्ग को सम्मान के साथ जनता के विश्वास व विकास का यह बजट है। जो आने वाले वर्षों में मध्यप्रदेश और देश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। बजट में करदाताओं को राहत देने के साथ गरीब, युवा, महिला और किसानों को कई सौगातें मिली हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत केवल एक संकल्प नहीं, बल्कि ठोस नीतियों और दूरदर्शी निर्णयों के माध्यम से धरातल पर उतरता हुआ राष्ट्र निर्माण का अभियान है। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में केंद्रीय बजट का श्रवण करने के बाद कहा कि यह बजट पीएम मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत की निर्णायक नींव रखने वाला है। आम जनता को समर्पित यह बजट विकसित भारत के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगा।  

जिला अस्पतालों को अपग्रेड की व्यवस्था स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम है: डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केंद्रीय बजट में गरीबों, युवाओं, अन्नदाताओं और महिलाओं पर विशेष फोकस है। यह बजट विकास को और अधिक गति देगा तथा भारतीय अर्थव्यवस्था को वैश्विक अर्थव्यवस्था में उच्च स्थान दिलवाले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आर्थिक प्रगति को बढ़ाना, जन सामान्य की उम्मीदों को पूरा करना और सबका साथ सबका विकास बजट की मुख्य विशेषता है। 5 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के विकास और सभी शहरी आर्थिक क्षेत्रों पर 5 साल में 5000 करोड रुपए खर्च करने, छोटे शहरों में तीर्थ स्थल विकसित करने, प्रत्येक जिले में एक महिला छात्रावास के निर्माण और जिला अस्पतालों को अपग्रेड करने की व्यवस्था से प्रदेश को बहुत लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा बजट में इनकम टैक्स में छोटे करदाताओं के लिए प्रक्रिया आसान करने की व्यवस्था है। भारत को बायोफार्मा हब बनाया जाएगा। केंद्रीय बजट में केयर इकोसिस्टम पर विशेष ध्यान देने के प्रावधान किए गए हैं। इससे बुजुर्गों के इलाज के लिए विशेष व्यवस्था होगी। गंभीर बीमारियों की दवाऐं भी सस्ती होंगी, जिससे सभी को राहत मिलेगी।

वस्त्र उद्योग सेक्टर में रिफार्म से मध्यप्रदेश को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केंद्रीय बजट में वस्त्र उद्योग सेक्टर में रिफॉर्म पर बल दिया  है, इससे मध्य प्रदेश को भी लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने मध्य प्रदेश को पीएम मित्र पार्क के रूप में टेक्सटाइल क्षेत्र की बड़ी सौगात दी है, इससे तीन लाख लोगों को रोजगार के अवसर मिलने के साथ ही  6 लाख किसानों को लाभ होगा। इस पार्क से प्रदेश का मालवा निमाड़ अंचल नई उड़ान के लिए तैयार है। केंद्र सरकार की वस्त्र उद्योग सेक्टर की दूरगामी नीतियों से संपूर्ण राष्ट्र के साथ-साथ मध्य प्रदेश को भी विशेष लाभ होगा।  देश में रिसर्च एंड डेवलपमेंट और एआई के अधिक से अधिक इस्तेमाल पर जोर दिया  है, इसका आने वाले दिनों में प्रदेश और देश को तरक्की में बड़ा योगदान होगा। 

मध्यप्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं, बजट के प्रावधानों से मध्यप्रदेश के पर्यटन क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। विदेशी पर्यटकों को टैक्स में दी गई राहत से वैश्विक स्तर पर पर्यटन के क्षेत्र में भारत का महत्व बढ़ेगा।  

भारत के विकास की दिशा को तय करने वाला है यह बजट : खण्डेलवाल

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्रीय बजट आने वाले 10 वर्षों में भारत के विकास की दिशा तय करेगा। भारत को दुनिया के नक्शे पर अग्रणी देश बनना है, तो हमें उन सभी क्षेत्रों पर ध्यान देना होगा जहां आज अमेरिका और चीन आगे हैं। इस  बजट में रेयर अर्थ सहित उन सभी क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है, जिनसे भारत वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ सके। रियल एस्टेट हो या चिप मैन्युफैक्चरिंग, हर क्षेत्र में भारत में उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया  है। जिन क्षेत्रों में दुनिया के केवल दो-तीन देशों का दबदबा है, उन रणनीतिक उत्पादों के निर्माण पर बजट में विशेष ध्यान दिया गया है। 

उन्होंने कहा बजट में पहली बार अलग मालगाड़ी कॉरिडोर बनाने की बात की गई है, जिससे लॉजिस्टिक्स खर्च कम होगा। और व्यापार बढ़ेगा।  लॉजिस्टिक्स लागत कम होने से भारत की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता चीन के मुकाबले और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि भारत को वैश्विक बायो-फार्मा मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दृष्टि से अगले 5 वर्षों में 10 हजार करोड़ के परिव्यय के साथ ‘बायो-फार्मा शक्ति’ योजना का प्रस्ताव अभिनंदनीय है। यह पहल देश में बायोलॉजिक्स और बायोसिमिलर्स के घरेलू उत्पादन के लिए एक मजबूत ईकोसिस्टम तैयार करेगी। देश के हर जिले में एक गर्ल्स हॉस्टल बनाने की घोषणा बच्चियों की सुरक्षा एवं शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दृष्टि से अत्यंत सराहनीय कदम है।

प्रदेशभर में मंडल स्तर तक कार्यकर्ताओं व आमजन ने केंद्रीय बजट के लाइव प्रसारण को श्रवण किया और सराहा 

भाजपा के प्रदेश महामंत्री व बजट प्रचार अभियान-2026 के प्रदेश स्तरीय टोली के संयोजक राहुल कोठारी ने बताया पार्टी के प्रदेश कार्यालय सहित प्रदेशभर में मंडल स्तर तक स्क्रीन लगाकर रविवार को केंद्रीय बजट के लाइव प्रसारण को पार्टी के वरिष्ठ नेता, प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ताओं ने आमजनों के साथ देखा व सुना गया। उन्होंने बताया कि पार्टी द्वारा केंद्रीय बजट के प्रचार-प्रसार के लिए 01 फरवरी से 15 फरवरी तक प्रदेशभर में “बजट प्रचार अभियान-2026” चलाया जा रहा है। 2 फरवरी से 10 फरवरी के बीच प्रदेश, संभागीय मुख्यालयों एवं जिलों में केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री, केंद्रीय पदाधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष, मध्यप्रदेश शासन के वित्त मंत्री एवं वरिष्ठ नेताओं द्वारा केंद्रीय बजट को लेकर पत्रकार-वार्ताएं आयोजित की जाएंगी। बजट को लेकर विभिन्न वर्गों से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से प्रदेशभर में युवा एवं विद्यार्थी संवाद, किसान संवाद, महिला संवाद, श्रमिक संवाद तथा व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख केंद्रों पर सांसद, विधायक, महापौर एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में स्थानीय कार्यक्रम एवं चौपाल आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त प्रमुख नगरों में बजट पर पैनल डिस्कशन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें वरिष्ठ नेता, केंद्रीय मंत्री एवं प्रमुख नीति-निर्माता सहभागिता करेंगे।करेंगे।