राजनीति

जनकल्याण समिति के नए भवन का भूमिपूजन; नशा उन्मूलन के लिये समाज का हर वर्ग आगे आए : ऊर्जा मंत्री तोमर

स्वच्छ, प्रदूषण मुक्त और नशामुक्त शहर के लिए संगीतमय सुंदरकांड पाठ, श्रद्धालुओं को अपने शहर को स्वच्छ और भरा बनाने के लिए डस्टबिन प्रदान की

ग्वालियर। नशा संपूर्ण समाज के लिए एक बड़ी समस्या है। नशे के नाश के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आकर प्रयास करना चाहिए। यह बात ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने गुरुवार को जनकल्याण समिति के नवीन भवन निर्माण कार्य के भूमिपूजन अवसर पर कही। ग्वालियर शहर को स्वच्छ, हरा-भरा, प्रदूषण मुक्त व नशा मुक्त बनाने की कामना को लेकर संगीतमय सुन्दरकाण्ड पाठ का आयोजन भी इस अवसर पर हुआ।

 ऊर्जा मंत्र तोमर ने कहा नशा मुक्त ग्वालियर बनाने के लिए युवाओं को आगे आकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने आव्हान किया कि हम सब संकल्पबद्ध होकर नशा उन्मूलन की दिशा में आगे बढ़ें। सभी लोग मिलजुलकर अपने वार्ड, गली, मोहल्ले के लोगों, साथियों, परिवार के सदस्यों एवं समाज के स्वजनों को भी नशे से दूर रखने के लिये प्रयास करें।

अभियान के लिए समय निकालने की शपथ दिलाई

इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सुन्दरकाण्ड पाठ में शामिल श्रद्धालुओं को अपने शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए डस्टबिन प्रदान की। साथ ही शपथ दिलाई कि ग्वालियर को स्वच्छ, हरा-भरा, प्रदूषण मुक्त और नशा मुक्त बनाने के अभियान के लिए समय निकालेंगे और अपने आसपास रहने वाले लोगों को भी इस अभियान से जुड़ने और साफ-सफाई रखने के लिए प्रेरित करेंगे। 

संगीतमय रामधुन की श्रृंखला में संगीतमय सुन्दरकाण्ड पाठ 

उल्लेखनीय है कि ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की पहल पर ग्वालियर शहर को स्वच्छ, प्रदूषण मुक्त, नशा मुक्त बनाने के लिए आरंभ हुई संगीतमय रामधुन की श्रृंखला में जन कल्याण समिति ग्वालियर द्वारा गुरुवार को गणेश कॉलोनी, गोवर्धन बिहार, खरगेश्वर मंदिर चार शहर का नाका में संगीतमय सुन्दरकाण्ड पाठ का आयोजन किया गया। इससे पहले ऊर्जा मंत्री की मौजूदगी में जनकल्याण समिति परिवार के सदस्यों द्वारा नवीन भवन के निर्माण कार्य के लिये वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमिपूजन किया गया।