क्राइम

आधी रात को एक दर्जन से अधिक गाडियों के कांच तोड़कर क्षतिग्रस्त करने वाले तीन बाल अपचारियों को पुलिस ने पकड़ा

वाहनों में तोड़फोड़ व मारपीट की घटनाओं का थाना ग्वालियर पुलिस ने किया खुलासा, घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं

ग्वालियर। थाना ग्वालियर क्षेत्र में बीती रात कुछ बदमाशों ने रमटापुरा से सेवानगर के बीच रोड़ किनारे खड़े एक दर्जन से अधिक तीन पहिया एवं चार पहिया वाहनों के कांच तोड़े गये। यह घटना पुलिस के संज्ञान में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के द्वारा एएसपी ग्वालियर अनु बेनीवाल को थाना ग्वालियर पुलिस की टीम से घटना में वांछित आरोपियों की तलाश कर पकड़वाने के लिए निर्देशित किया। 

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सीएसपी ग्वालियर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ग्वालियर निरीक्षक प्रशांत शर्मा द्वारा थाना बल की टीम को मामले में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए  लगाया गया। 

दौराने विवेचना पुलिस को घटना स्थल के आसपास कैमरों की सीसीटीव्ही फुटेज चेक किए और घटना में वांछित युवकों को चिन्हित कर उनकी तलाश की गई। थाना ग्वालियर पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए  प्रकरण में वांछित तीन युवकों को घासमंडी कोटेश्वर रोड़ से आज सोमवार को पुलिस अभिरक्षा में लिया ।  घटना के संबंध में पूछताछ करने पर उन्होनें नशे के हालत में वाहनों की तोड़फोड़ करना बताया है। 

बाल अपचारियों ने बताया कि उन्होनें वाहनों की तोड़फोड़ से पहले 11.01.2026 की रात्रि पटेल होटल के पास बाइक सवार सनी केलकर की बाइक जबरन मांगते हुए मारपीट कर गालियां दीं थी और मोटर साईकिल तोड़कर हम मौके से फरार हो गए थे। पकड़े गये बाल अपचारियों ने इन घटनाओं में अपने दो अन्य साथियों का शामिल होना बताया है, जो फरार हैं। पकड़े गये बाल अपचारियों से घटना में प्रयुक्त बाइक के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पकड़े गये तीनों युवक नाबालिग होने से उन्हें इस प्रकरणों में विधिवत पुलिस अभिरक्षा में लिया है। थाना ग्वालियर पुलिस द्वारा फरार दो संदिग्धों की तलाश जारी है। 

बाइक देने से इंकार करने पर मारपीट की 

 फरियादी सनी केलकर निवासी ख्वाजा नगर ने थाना ग्वालियर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 जनवरी की रात वह घर जा रहा था, तभी पटेल होटल के पास कुछ युवकों ने उसकी बाइक जबरन मांगते हुए रोका था। इंकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जाति सूचक व अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपी बाइक की नंबर प्लेट तोड़कर मौके से फरार हो गए। फरियादी की रिपोर्ट पर से थाना ग्वालियर में आरोपियों के खिलाफ धारा 126(2), 296,115(2), 119(1), 324(2), 351(2), 3(5) बीएनएस एवं एससी/एसटी एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। 

स्विफ्ट कार सहित चार बेखौफ लोगों के वाहनों के शीशे तोड़े

इसी प्रकार फरियादी यश गिरि निवासी कोटावाला मोहल्ला ग्वालियर निवासी ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई है कि बीती रात करीब 12 से 2.00 बजे के बीच घर के बाहर से गाडी तोड़फोड़ की आवाज आई तो मैने बाहर जाकर देखा तो मेरी स्विफ्ट कार का चार लोग शीशा तोड रहे थे। मैनें रोका तो वह लोग गन्दी गालियां देने लगे। सुबह पता चला की इन्ही चारों लोगों ने रमटापुरा, कोटा वाला मोहल्ला में अन्य लोगों की भी गाडियों के भी शीशे तोड़े है। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना ग्वालियर में आरोपियों के खिलाफ धारा 296,351(2), 324(4),3(5) बीएनएस का प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया। 

*सराहनीय भूमिका :-* इस कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा, उनि.अजय सिकरवार, प्रआर. जगदीश सिंह, आरक्षक अशोक गुर्जर, बृजकिशोर, राहुल गौड़, भूषण रावत, ब्रजेश, नागर की सराहनीय भूमिका रही है।