ग्वालियर। महाराजपुरा पुलिस को फरार आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही में सफ़लता मिली है। शहर में तीन दिन पहले एक स्कूली छात्र को घेरकर मारपीट करने व गोली मारने वाले दो हमलावरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महाराज थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए हमलावरों के चार साथी अभी भी फरार हैं। घटना बुधवार दोपहर 1 बजे डीडी नगर महाराजा कॉम्प्लेक्स के पास जय श्रीराम नाश्ता सेंटर के पास हुई थी। हमले में घायल फरियादी कृष्णा शर्मा निवासी विजय लक्ष्मीनगर, महाराजपुरा का अपोलो हॉस्पीटल ग्वालियर में भर्ती है। वह संस्कार भारती पब्लिक स्कूल भोपाल में पढ़ता है। छात्र तीन दिन के लिये अपने दादाजी के पास भोपाल से ग्वालियर आया था। फरियादी कृष्णा शर्मा के अनुसार उसकी दो वर्ष पूर्व डीडी नगर कुशवाह मार्केट में रहने वाले विश्वास गुर्जर से मारपीट हुई थी। बीती 7 जनवरी बुधवार को फरियादी कृष्णा श्रीराम मिष्ठान भण्डार महाराजा कॉम्पलेक्स डीडी नगर में वह नाश्ता करने अपने भाई ईशू के साथ गया था। तभी पुरानी रंजिश को लेकर सुमित गुर्जर, विश्वास गुर्जर, कृष्णा भंडाना, वैभव वहां आये और मारपीट करने लगे। विश्वास गुर्जर ने अपने हाथ मे लिये कट्टे से जान से मारने की नियत से फायर किया जो फरियादी कृष्णा के पैर की पिडली में गोली लगी, उसके बाद कृष्णा तोमर व कान्हा पंडित भी वहां आ गये और उन्होने भी कृष्णा की लात-घूंसों से मारपीट की। फरियादी की रिपोर्ट पर महाराजपुरा थाना में धारा 109(1), 3(5) बीएनएस का मामला दर्ज कर जांच में लिया था।
डीडी नगर में छात्रों की मारपीट और फायरिंग का मामला संज्ञान में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने एएसपी शहर विदिता डागर को थाना महाराजपुरा थाना पुलिस टीम से प्रकरण में वांछित आरोपियों को पकड़ने निर्देशित किया। वरिष्ठों के निर्देशों पर सीएसपी महाराजपुरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी यशवंत गोयल द्वारा थाने की टीम को प्रकरण में फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए लगाया।
पुलिस जांच के दौरान टीम ने आरोपियों की तलाश उनके संभावित ठिकानों पर की गई। इस दौरान बीते रोज पुलिस टीम ने प्रकरण में वांछित दो आरोपी विश्वास उर्फ विष्णू पुत्र जयपाल सिंह गुर्जर 20 साल निवासी ग्राम टीकरी थाना गोरमी जिला भिण्ड हाल डीडीनगर ग्वालियर व कृष्णा पुत्र धर्मवीर भडाना (गुर्जर)18 साल निवासी ग्राम जितौरा थाना मेहगांव भिण्ड, हाल डीडीनगर ग्वालियर व एक बाल अपचारी को पटरी रोड डीडी नगर से पुलिस अभिरक्षा में लिया है। पकड़े गये तीनों लड़कों से प्रकरण के संबंध में गहनता से पूछताछ करने पर उनके द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना कारित करना स्वीकार किया। पकड़े गये आरोपी विश्वास गुर्जर की निशादेही पर पुलिस टीम ने परशुराम चौराहे के पास सेंथरी रोड़ महाराजपुरा से पत्थर के नीचे छिपाकर रखा घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा व एक जिंदा राउंड को जब्त किया। पुलिस टीम द्वारा थाना महाराजपुरा के प्रकरण में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया। पुलिस टीम द्वारा पकड़े गये आरोपियों से उनके अन्य साथियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
*जब्त हथियारः-* घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा व एक जिंदा राउंड जब्त किया है।
