ग्वालियर। जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने व आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देश पर ग्वालियर जिले में नये वर्ष की पहली कॉम्बिंग गश्त गुरुवार की दरमियानी रात शहर व देहात के थाना क्षेत्रों में देर रात तक किया गया। इस दौरान एएसपी ग्वालियर शहर विदिता डागर, एएसपी अनु बेनीवाल ,एएसपी शहर (क्राइम) सुमन गुर्जर, एएसपी ग्रामीण जयराज कुबेर एवं ग्वालियर पुलिस के सभी अधिकारियों द्वारा अपने-अपने अधीनस्थ थाना प्रभारियों के साथ मय पुलिस बल के ग्वालियर शहर एवं देहात क्षेत्र में कॉम्बिंग गश्त किया। कॉम्बिंग गश्त से पूर्व अनुभाग वार पुलिस बल को अलग-अलग स्थानों पर एकत्रित कर राजपत्रित अधिकारियों द्वारा फोर्स को ब्रीफ किया गया, उसके बाद अलग-अलग क्षेत्रों में कॉम्बिंग गश्त के लिए रवाना किया गया।
सर्द रातों में नये साल की पहली कॉम्बिंग गश्त पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा शहर में स्वयं कॉम्बिंग गश्त का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को प्रभावी कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया गया। ग्वालियर पुलिस के अधिकारियों द्वारा अधीनस्थ थाना बल के साथ अपने-अपने क्षेत्र में पैदल गश्त किया । इस दौरान उनके द्वारा फरारी बदमाशों, वारंटियों, गुण्डों, हिस्ट्रीशीटरों एवं जिला बदर के आरोपियों की उनके घरों पर चेकिंग के साथ ही बैंक एटीएम एवं होटल, लॉज, धर्मशाला, ढाबों को भी चेक किया। इस गश्त के लिये पुलिस टीमें बनाकर शहर व देहात क्षेत्रों में संवेदनशील इलाकों में भी गश्त की गई। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों तथा मुंह बांधे दो पहिया वाहन चालकों की विशेष तौर पर चेकिंग की गई।
जिले में कुल फरार-वारंटियों को गिरफ्तार कर 334 गुण्डा व हिस्ट्रीशीटरों को चेक किया
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने जिले में कुल 135 स्थाई वारंट, 129 गिरफ्तारी वारंट तामील कराये गये साथ ही 166 गुण्डा एवं 168 हिस्ट्रीशीटरों को चेक किया। कॉम्बिंग गश्त के दौरान थाना थाटीपुर, भितरवार एवं गिजौर्रा में अवैध शराब के 01-01 तथा थाना घाटीगांव में अवैध हथियार का 01 प्रकरण दर्ज किया गया और थाना सिरोल व बहोड़ापुर में सट्टा का 01-01 प्रकरण पंजीबद्ध किया तथा धारा 107-116 जाफौ के 04 प्रकरणों में 20 पर कार्यवाही की जाकर 08 अन्य कार्यवाहियां की गई हैं।
बीती रात गश्त के दौरान पुलिस द्वारा कई सक्रिय बदमाशों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई है। साथ ही गुण्डों एवं हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड को अपडेट किया। शहर व देहात क्षेत्र की गली मौहल्लों में घूमकर पुलिस ने गुण्डे, बदमाशों की धरपकड़ की। जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से यह कॉम्बिंग गश्त कराई गई। टीमों ने गुण्डों एवं बदमाशों तथा जिला बदर के आरोपियों के घर जाकर उनकी जानकारी ली गई, चैकिंग के दौरान प्रत्येक गुण्डा, बदमाश को चेतावनी भी दी गई कि यदि वह किसी भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उनके विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। कॉम्बिंग गश्त के दौरान जेल से रिहा होकर आये आरोपियों को भी चेक किया। ग्वालियर पुलिस द्वारा की गई यह कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।
