क्राइम

एआई की मदद से अंधे कत्ल का पर्दाफाश; महिला के साथ दुष्कर्म कर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया

ऑमलेट के टुकड़े से मिला सुराग, पुलिस ने एआई तकनीक से कराई मृतका की पहचान, मिसिंग रिपोर्ट के मिलान से मिली अहम कड़ी

ग्वालियर। भिंड रोड स्थित कटारे फार्म के पास नारायण विहार कॉलोनी की झाड़ियों में एक सप्ताह पहले अज्ञात महिला के साथ दुष्कर्म कर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार करने का दावा किया है। अंधे कत्ल के इस मामले में पुलिस को ऑमलेट के टुकड़े से अहम सुराग मिला और इसके बाद अंडे बेचने वाले से मृतका की शिनाख्त हुई। पुलिस ने एआई तकनीक से मृतका की पहचान कराई गई ।

शहर के नारायण विहार कॉलोनी कटारे फार्म के पास झाड़ियों में कुछ दिन पहले मिले महिला के शव की शिनाख्त पुलिस ने एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक से तैयार फोटो के जरिए की थी। ग्वालियर पुलिस ने इस मामले में घटना स्थल के पास लगे सीसीटीव्ही फुटेज चेक किए तो एक संदिग्ध व्यक्ति महिला के साथ दिखाई दिया, जिसे पुलिस टीम ने चिन्हित कर उसकी तलाश में मुखबिर तंत्र सक्रिय किये।

घटना का संक्षिप्त विवरण में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गोवर्धन कालोनी गोला का मंदिर निवासी सतेन्द्र सिहं ने थाने पर सूचना दी थी कि बीती 29 दिसंबर को वह कटारे फार्म की तरफ चाय की दुकान लगाये था तभी शाम को दो लड़के आए जो आर्मी की तैयारी के लिए ग्राउड की तरफ से आ रहे थे। उन्होनें बताया कि कटारे फार्म में झाड़ियों के पास एक अज्ञात महिला की लाश अर्धनग्न अवस्था में पड़ी है। इस सूचना पर थाना गोला का मंदिर में मर्ग कायम कर जांच में लिया। मामले की जांच व पीएम रिपोर्ट के आधार पर प्रथम दृष्ट्या पाया कि अज्ञात महिला की हत्या किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा की गई है। जिस पर थाना गोला का मंदिर में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस का प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया।  

शहर में अज्ञात महिला की हत्या की घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने मृतका की पहचान और अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए थाना पुलिस टीम, साइबर सेल व सीसीटीएनस टीम को लगाने के निर्देश दिये।  निर्देशों पर एएसपी अनु बेनीवाल ने थाना प्रभारी गोला का मंदिर की पुलिस टीम को अज्ञात मृत महिला व आरोपी की तलाश में लगाया। सीएसपी मुरार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गोला का मंदिर हरेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में पुलिस की टीम को लगाया।

जांच के दौरान एएसपी बेनीवाल ने महिला की शिनाख्त के लिए एआई के माध्यम से  महिला के फोटो को रीकंस्ट्रक्शन कराया, तथा महिला की पहचान कराने के लिए जगह-जगह पोस्टर लगाए गए, साथ ही सीसीटीएनएस टीम द्वारा कई सालों की मिसिंग रिपोर्ट चेक की गई तो जिसमें से एक महिला की मिसिंग रिपोर्ट उक्त महिला से मिलती जुलती मिली, जिसके संबंध में भी जानकारी ली गई।

ऑमलेट के टुकड़े से मिला सुराग

जांच में पुलिस टीम को महिला की स्वेटर की जेब में एक छोटा ऑमलेट का टुकड़ा मिला था, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र के अंडे वालों से उस महिला के संबंध में पूछताछ की गई तो एक अंडे वाले ने अज्ञात महिला को पहचान लिया, महिला के संबंध में जानकारी एकत्रित की गई तो उसका नाम संगीता पाल पत्नी पप्पू पाल निवासी परदापुरा टीकमगढ की होना पाई गई। पुलिस को यह भी पता चला कि वह काफी समय से अपने पति से अलग ग्वालियर में रह रही थी। इसके बाद पुलिस ने घटना स्थल के आसपास की सीसीटीव्ही फुटेज चेक की तो एक संदिग्ध व्यक्ति महिला के साथ दिखाई दिया, जिसे पुलिस टीम ने चिन्हित कर तलाश में मुखबिर तंत्र सक्रिय किये।

 सोमवार को सुबह आज पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना पर ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर 4 के पास से उस संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सचिन सेन पुत्र राजेन्द्र सेन 26 साल निवासी यादव धर्मकांटा पुल के नीचे हजीरा ग्वालियर बताया। उस मृतका के संबंध में पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह महिला के साथ प्रेम संबंध में था और वह उस महिला से शादी भी करना चाहता था, परन्तु उसे शक था कि उसके किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी संबंध में है। जिस पर उसने मारने का प्लान बनाकर महिला को शराब पिलाई और बहला फुसलाकर एक जगह झाडियों में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दी। थाना गोला का मंदिर पुलिस ने पकड़े गये आरोपी को धारा 103(1) बीएनएस में विधिवत गिरफ्तार किया है।