बिजनेस

जैविक उत्पाद खरीदने 'हाट' पहुंच रहे हैं शहरवासी ; जैविक उत्पादों को बढावा देने के लिए लगाई जा रही है 'जैविक सेतु', वर्तमान में जैविक उत्पादों की अत्याधिक मांग है

कलेक्टर की पहल पर कृषि उप-संचालक कार्यालय के बाहर हर रविवार लगती है जैविक हाट, साथ ही बताया जाता है कि जैविक अनाज, सब्जी, फल से स्वास्थ्य को कितना लाभ होता है

ग्वालियर । शहरवासियों को जैविक उत्पाद मिल सके इसके लिए कलेक्टर रूचिका चौहान की पहल पर संयुक्त संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास कार्यालय (कृषि परिसर) के सामने मेला रोड पर हर रविवार जैविक हाट लग रही है। इस हाट में जैविक उत्पादों को बढावा दिया जा रहा है, जिससे किसानों को जैविक उत्पादों के बेहतर दाम मिल सकें और शहरवासियों को जैविक उत्पाद । रविवार को आयोजित इस मेले में हजारों की संख्या में शहरवासी पहुंचे और उन्होंने हजारों रूपये के जैविक उत्पाद खरीदे।

मेला रोड पर कृषि परिसर के सामने जैविक सेतु (जैविक हाट) लगाई जा रही है। यहां पर प्रति रविवार को जिले में जैविक सब्जी, अनाज उगाने वाले किसान अपने उत्पादों को लेकर आते हैं। चूंकि वर्तमान समय में जैविक उत्पादों की अत्याधिक मांग है, लेकिन सही जैविक उत्पाद कई बार शहरवासियों के पास नहीं पहुंच पाते हैं, इसलिए कलेक्टर की पहल पर यह मेला आयोजित किया जा रहा है। इस मेले में उप संचालक कृषि सह परियोजना संचालक 'आत्मा' रणवीर सिंह जाटव ने बताया कि जैविक सेतु में शहरवासी रसायन मुक्त जैविक एवं प्राकृतिक दालें, चावल, गेंहूँ, दलिया, अमरूद, ऑवला, सब्जियों में आलू, मूली, पालक, गाजर, बथुआ, सेम तथा जैविक खादों में वर्मीकम्पोंस्ट, वर्मीवास आदि उत्पाद बिक्री के लिए किसानों के द्वारा लाए जा रहे हैं। यह जैविक हाट बाजार सुबह 10 बजे से शाम 06 बजे तक लगाया जा रहा है। 

 जैविक उत्पादों की जानकारी के साथ ही बताए जाते हैं लाभ 

उप संचालक कृषि सह परियोजना संचालक 'आत्मा'  रनबीर सिंह जाटव ने बताया कि जैविक सेतु (जैविक हाट) में मिलने वाले हर उत्पाद की पहचान रहती है। जैविक हाट में शहरवासियों को बताया जाता है कि उन्हें प्राप्त होने वाला उत्पाद किस किसान एवं किस खेत का है। इसके साथ ही यह भी बताया जाता है कि जैविक अनाज, सब्जी, फल से आमजन के स्वास्थ्य को कितना लाभ होता है। 

शहरवासियों को मिल रहे जैविक उत्पाद... 

किसानों को बेहतर दाम में जैविक उत्पाद मेले में एक साथ दो फायदे हो रहे हैं। शहरवासियों को मेले में जैविक उत्पाद मिल रहे हैं, तो वहीं किसानों को उनके उत्पादन का बेहतर दाम भी मिल रहे हैं, इससे जैविक खेती करने वालों को प्रोत्साहन मिल रहा है, क्योंकि बाजार में किसानों को जैविक उत्पादों के बेहतर दाम नहीं मिल पाते हैं। किसानों के मंडी की तुलना में प्रशासन द्वारा लगाए गए जैविक सेतु (जैविक हॉट में) 40 प्रतिशत से 180 प्रतिशत अधिक आमदनी प्राप्त हो रही है। 

किसान यहां पर कर सकते हैं संपर्क

इच्छुक किसान भाई अपने उत्पादों को मेले में लगाने के लिए  किसान एवं व्यापारी जैविक हाट प्रभारी मलखान सिंह गहलोत के मोबाईल नंबर -9826189202 पर भी संपर्क कर सकते हैं।