राजनीति

अटल जी ने जनसंघ काल से राष्ट्रवादी विचारधारा को जीवन भर दिया विस्तार- उनके साहसिक निर्णयों के लिए देश हमेशा याद रखेगा: डॉ. मोहन यादव

सीएम व प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया, प्रदेश के जिला कार्यालय सहित बूथ स्तर पर हुए कार्यक्रम

श्रद्धेय अटल जी के विचारों को अपनाकर कार्यकर्ता संगठन को बुलंदियों तक पहुंचाएं- अटल जी सौम्यता, दृढ़ता और राष्ट्रभक्ति का युगद्रष्टा व्यक्तित्व: खण्डेलवाल

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  हेमंत खण्डेलवाल ने गुरूवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में  भारत रत्न श्रद्धेय अटल जी की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदेश के सभी जिला कार्यालयों सहित बूथ स्तर पर प्रदेश शासन के मंत्री, पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने अटलजी को श्रद्धासुमन अर्पित कर याद किया। जिला कार्यालयों में प्रदर्शनियां भी लगाई गई। 

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि हम सबके लिए और सौभाग्य की बात है कि जनसंघ के जमाने से पूरे देश में श्रद्धेय अटल जी ने अपनी बड़ी भूमिका निभाई। मध्यप्रदेश में संविद सरकार के समय श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी, राजमाता विजयाराजे सिंधिया, श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे के साथ राष्ट्रवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने में अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। अटल  जी को अनेक साहसिक निर्णय लेने के लिए देश हमेशा याद रखेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी भारतीय राजनीति के ऐसे शिखर पुरुष थे, जिनकी विचारधारा, आचरण और राष्ट्र के प्रति समर्पण ने लोकतंत्र को नई दिशा दी। अटल जी का व्यक्तित्व सौम्यता, दृढ़ता और दूरदर्शिता का अद्भुत संगम था, जिसने भारत को वैश्विक मंच पर सम्मान और आत्मविश्वास दिलाया। भाजपा के सभी कार्यकर्ता श्रद्धेय अटल जी के विचारों को अपनाकर संगठन को बुलंदियों तक पहुंचाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर पीएम मोदी जी उनकी कर्मभूमि लखनऊ में उन्हें स्मरण किया है। श्रद्धेय अटल जी की जन्मभूमि ग्वालियर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दो लाख करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण किया। आज प्रदेश कार्यालय में श्रद्धेय अटलजी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। प्रदर्शनी में उनके बाल्यकाल से लेकर हर पक्ष को बेहतर तरीके से दर्शाया गया। उन्होंने किस प्रकार अपना सारा जीवन राष्ट्र को समर्पित किया।

  उन्होंने कहा हमारी सरकार गौशालाओं के साथ प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी रीवा के बसामन मामा गौशाला भी आज गए थे, जहां प्राकृतिक खेती की जाती है। प्राकृतिक खेती से हम जीयो और जीने दो के सिद्धांत को भी प्रतिपादित कर रहे हैं। देश को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाने, कारगिल में विजय दिलाने के साथ कई साहसिक निर्णयों के लिए देश उन्हें हमेशा याद रखेगा।

इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, प्रदेश शासन के मंत्री  विश्वास सारंग, प्रदेश महामंत्री  गौरव रणदिवे, प्रदेश मंत्री लोकेन्द्र पाराशर, राजेन्द्र सिंह राजपूत,  राजो मालवीय,  सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर  मालती राय, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताउपस्थित रहे।