ग्वालियर। थाना कंपू पुलिस की सतर्कता से फर्जी लूट का भंडाफोड़ हुआ है। बॉयफ्रेंड के कहने पर ही फरियादिया ने लूट की झूठी कहानी रची थीं। पुलिस ने फरियादिया व बॉयफ्रेंड से सोने के आभूषण बरामद कर लिए हैं। अब फरियादिया व उसके बॉयफ्रेंड के खिलाफ थाना कंपू पुलिस वैधानिक कार्यवाही करेगी।
पुलिस के अनुसार बीते रोज 23 दिसंबर को थाना कंपू पर सूचना मिली थी कि शिवपुरी लिंक रोड स्थित आईपीएस इंस्टीट्यूट में इंजीनियरिंग की छात्रा प्रिया साहू संस्थान से क्लास अटेंड करने के बाद एक्टिवा से घर के लिए निकली थी, जैसे ही वह कैंसर पहाड़िया पर कैंसर हिल्स कैफे के पास पहुंची तभी बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोका और उससे एक सोने की चेन व कानों के टॉप्स और एक सोने की अंगूठी छीन ले गए हैं। फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना कंपू में तत्काल मामला दर्ज किया गया।
लूट के इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ग्वालियर ने एएसपी अनु बेनीवाल को थाना कंपू की पुलिस टीम से लूट की सूचना की तस्दीक कराकर त्वरित कार्यवाही के लिए निर्देशित किया । वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी कंपू अमर सिंह के नेतृत्व में पुलिस की टीम को वारदात की जांच व कार्यवाही में लगाया गया।
मामले की जांच में पुलिस ने फरियादिया के दिये गये कथनों में विसंगति होने से वारदात घटित होने की शंका हुई और मौके पर आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी देखे तो घटना की पुष्टि नहीं हो रही थी। जब पुलिस टीम ने फरियादिया से गहन पूछताछ की गई तो उसने बताया कि मैने अपने बॉयफ्रेंड के कहने पर इस झूठी लूट की कहानी बनाकर अपनी सोने की चेन अपने बॉयफ्रेंड को दे दी थी और टॉप्स और अंगूठी घर में रख दी थी।
पुलिस ने फर्जी प्रकरण में फरियादिया की निशादेही पर टॉप्स और अंगूठी जब्त कर ली है। फरियादिया प्रिया के मेमोरण्डम के आधार पर उसके बॉयफ्रेंड को तलब कर पूछताछ की तो उसने अपनी दोस्त प्रिया से प्राप्त सोने की चेन सौपी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। थाना कंपू पुलिस द्वारा फर्जी लूट का षड्यंत्र रचने वाली फरियादिया और उसके बॉयफ्रेंड के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
*सराहनीय भूमिका* :- इस कार्यवाही में थाना प्रभारी कंपू निरीक्षक अमर सिंह सिकरवार, उप निरीक्षक सुनरेखा, प्रआर. राज कुमार राठौर, प्रआर. राजेश तोमर, मुकेश, आरक्षक अजब सिंह, नवल सिंह, अनुज जाट (थाना हस्तिनापुर) की सराहनीय भूमिका रही है।
