नई दिल्ली,संसद भवन। बृहस्पतिवार को आज मध्य प्रदेश के भाजपा सांसदों के समूह ने संसद भवन में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की। इस समूह में खजुराहो सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा सहित कई सांसद उपस्थित रहे।
मुलाकात के दौरान संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, क्षेत्रीय विकास तथा जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत और सार्थक चर्चा की गई। सांसदों के समूह में राज्यमंत्री दुर्गादास उइके, खजुराहो सांसद वीडी शर्मा, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, सीधी सांसद राजेश मिश्रा, दमोह सांसद राहुल लोधी, उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया एवं जबलपुर सांसद आशीष दुबे शामिल रहे।
बैठक में प्रदेश के समग्र राजनीतिक परिदृश्य, केंद्र एवं राज्य के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से विकास कार्यों को गति देने, संसदीय क्षेत्रों की प्राथमिक आवश्यकताओं तथा संगठन को और अधिक मजबूत करने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सभी जनप्रतिनिधियों से संवाद करते हुए जनसेवा, सुशासन और संतुलित क्षेत्रीय विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
