ग्वालियर। प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को सुबह ग्वालियर पहुंचे हैं। शहर पहुंचते ही वे सबसे पहले जयारोग्य अस्पताल पहुंचे, जहां खजुराहो के एक रिसॉर्ट में खाना खाने से फूड पॉइजनिंग से बीमार हुए मरीजों का इलाज चल रहा है।
बता दे कि खजुराहो जिला छतरपुर के रिसोर्ट में खाना खाने से बीमार हुए सात लोगों का जयारोग्य चिकित्सालय के हजार बिस्तर अस्पताल में इलाज चल रहा है। जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने बुधवार को सुबह हजार बिस्तर अस्पताल पहुँचकर मरीजों का हालचाल जाना। साथ ही जीआर मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता एवं जेएएच के अधीक्षक को निर्देश दिए कि इन मरीजों का बेहतर से बेहतर इलाज करें। प्रभारी मंत्री सिलावट ने मेडीकल कॉलेज के डीन व जेएएच अधीक्षक के साथ हजार बिस्तर अस्पताल में भर्ती सातों मरीजों के पलंग पर पहुँचकर इन सभी की सेहत की जानकारी ली। साथ ही मरीजों के परिजनों से भी चर्चा की और उन्हें भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार इनके इलाज के लिये कोई भी की कमी नहीं आने देगी।
जेएएच के विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में इन सभी मरीजों का इलाज किया जा रहा है। मरीजों की सेहत में तेजी से सुधार भी हो रहा है। इस मौके पर नगर निगम सभापति मनोज तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया व आशीष प्रताप सिंह राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गजराराजा मेडीकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. आरकेएस धाकड़ एवं जेएएच के अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सक प्रभारी मंत्री के साथ थे।
डॉ.धाकड़ के अनुसार एक मरीज अभी वेंटीलेटर पर है
मेडीकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. धाकड़ ने बताया कि छतरपुर से रिफर होकर आए सात मरीज हजार बिस्तर अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें सर्वश्री दयाराम, हार्दिक, रवि, रोशनी, गोलू, राजकुमारी व गोविन्ददास शामिल हैं। इन मरीजों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। केवल एक मरीज वर्तमान में वेंटीलेटर पर है।है।
