ग्वालियर। थाना महाराजपुरा व क्राइम ब्रांच पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में ग्वालियर पुलिस ने मैरिज गार्डन में हुई 11 लाख रुपये की चोरी का पर्दाफाश करके एक आरोपी से 07 लाख 80 हजार रुपये बरामद करने में बडी सफलता हासिल की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देश पर ग्वालियर जिले में चोरी नकबजनी की घटनाओं की रोकथाम के लिए मुखबिर तंत्र को सकिय कर चोरों की धरपकड़ को प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में अभिनंदन वाटिका में 11 लाख रूपये की चोरी का पर्दाफाश के लिए थाना महाराजपुरा व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम को लगाने के लिए निर्देशित किया।
ग्वालियर पुलिस के अनुसार फरियादी भुवनेश सिंह तोमर निवासी सैनिक कॉलोनी पिंटो पार्क के लडके का लगुन फलदान का कार्यक्रम बीती 28 नवम्बर की रात को पिंटू पार्क के पास अभिनंदन वाटिका भिण्ड रोड ग्वालियर में था। कार्यक्रम के दौरान फरियादी को समधी से मिले नगदी 11 लाख रुपये से भरा बैग वाटिका के रूम में रखा था। कार्यक्रम की समाप्ति के बाद जब फरियादी रूपयों के बैग को लेने गये और कमरे का ताला खोलकर देखा तो कमरे में रूपयों से भरा बैग गायब था। इसके बाद फरियादी भुवनेश सिंह तोमर ने महाराजपुरा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी की रिपोर्ट पर से थाना महाराजपुरा में 583/25 धारा 331 (4),305 (ए) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों पर सीएसपी महाराजपुरा नागेन्द्र सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी महाराजपुरा यशवंत गोयल एवं थाना प्रभारी क्राइम ब्रांच के द्वारा थाना महाराजपुरा व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम को प्रकरण में आरोपियों की तलाश कर चोरी का माल बरामद करने लगाया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज चेक कर संदिग्धों को चिन्हित किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस टीम को तकनीकी सहायता के आधार पर पता लगा कि प्रकरण के आरोपी बोडा राजगढ़ (मप्र) के हैं। इस जानकारी के आधार पर पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की तलाश बोडा ब्यावरा में की गई इसी दौरान बीते रोज 08 दिसंबर को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति जिसका नाम संतोष सांसी है जो श्री मनोकामनेश्वर हनुमान मंदिर के पास खड़ा है। वह चोरी के माल को लेकर किसी का इंतजार कर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी पुलिस को देखकर हनुमान मंदिर गली में भागने लगा, जिसको घेरकर पकड़ा और नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम संतोष सिसोंदिया (सांसी) पुत्रफतेह सिंह सांसी निवासी ग्राम लक्ष्मीपुरा थाना छबड़ा जिला बारां (राजस्थान) हाल निवासी टावर कालोनी थाना छबडा जिला बारां (राजस्थान) का होना बताया। पकड़े गये संदिग्ध व्यक्ति के हाथ में एक नीले रंग की पॉलीथिन थी जिसकी तलाशी ली गई तो उसमे पांच-पांच सौ के नोट एवं दो-दो सौ के नोट की गड्डिया मिली।
आरोपी ने बालक के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया
आरोपी संदिग्ध से गहनता से पूछताछ की तो उसने बताया कि मेरे दामाद बंटी सांसी निवासी लक्ष्मीपुरा थाना बारां राजस्थान का रहने वाला है, जिसका भाई शिवा सिसोदिया पुत्र राजेन्द उर्फ मटरू सिसोदिया (सांसी) निवासी ग्राम लक्ष्मीपुरा थाना छबडा जिला बारां (राजस्थान) ने करीब दस दिन पहले अपने साथ एक छोटे बच्चे ( बालक) के साथ मिलकर ग्वालियर में शादी के गार्डन से 11 लाख रुपये चोरी किये थे। शिवा ने चोरी के रुपयों में से 07 लाख 80 हजार रुपये छुपाकर रखने मुझे पॉलीथिन में दिये थे और शिवा ने आज मुझसे रुपये वापस लेने के लिये बोडा हनुमान मंदिर के पास बुलाया था। उस व्यक्ति द्वारा चोरी हुये रखे पाये जाने से आरोपी के कब्जे से कुल रकम 07 लाख 80 हजार रुपये नगद जब्ती में लिया । आरोपी द्वारा चोरी के रुपये अपने कब्जे में रखने पर धारा 31 इजाफा की गई तथा आरोपी संतोष सिसोंदिया (सांसी) का जुर्म सात वर्ष से कम सज् कारण गिरफ्तारी की आवश्यकता न होने से धारा 35 (3) बीएनएसएस के तहत कराकर रुखसत किया। पुलिस टीम ने इस प्रकरण में फरार आरोपी शिवा एवं एक बालक की तलाश की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने प्रकरण में 10 हजार रूपये का ईनाम घोषित किया गया था।
बरामद मशरूका; कुल रकम 07 लाख 80 हजार रुपये नगद जब्त किये।
सराहनीय भूमिका ; थाना प्रभारी महाराजपुरा यशवंत गोयल, थाना प्रभारी क्राइम ब्रांच अमित शर्मा, थाना महाराजपुरा टीमः उनि० राजीव सोलंकी, सउनि० विनोद छारी, प्र.आर० अनिल तोमर, आर. शिवराज सिंह, रूस्तम गुर्जर, देवेन्द्र गुर्जर, आर. आनंद यादव, अनिल गुर्जर, अमित वैरागी, महिला आर. रेखा यादव, क्राइम ब्रांच टीमः एसआई शुभम सिंह परिहार, रजनी रघुवंशी, आर. गौरव परमार, बिजेन्द्र चौहान. जयहिंद जादौन आदि शामिल रहे।रहे।
