क्राइम

रात में भी छापामार कार्रवाई जारी; खनिज पदार्थों के अवैध परिवहन के खिलाफ शनिवार की रात कार्रवाई में गिट्टी व डस्ट के अवैध परिवहन में लिप्त 3 डम्फर जब्त किए

अवैध रूप से परिवहन करने वाले वाहनों पर कडी कार्रवाई के निर्देश, कलेक्टर ने लिखा एसपी एवं आरटीओ को पत्र, इधर आबकारी विभाग के विशेष अभियान में आबकारी बल ने शहर में पांच स्थानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी

ग्वालियर।  जिले में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन व भण्डारण के खिलाफ रात्रिकाल में भी कार्रवाई की जा रही है। इस कड़ी में कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर गई खनिज विभाग की टीम ने शनिवार की रात छापामार कार्रवाई कर बिलौआ के समीप बिना रॉयल्टी के गिट्टी व डस्ट अवैध परिवहन करते मिले 03 डम्फर जब्त किए हैं। 

 जिला खनिज अधिकारी घनश्याम सिंह यादव ने बताया कि जब्त किए गए तीनों डम्फर पुलिस थाना बिलौआ की अभिरक्षा में खड़े कराए गए हैं। साथ ही इस अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ मध्यप्रदेश गौंण खनिज एवं अवैध परिवहन व भण्डारण नियमों के तहत अर्थदण्ड सहित अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अवैध रूप से परिवहन करने वाले वाहनों पर कडी कार्रवाई के निर्देश, कलेक्टर ने लिखा एसपी  एवं आरटीओ को पत्र

अवैध रूप से खनिजों का परिवहन करने वाले वाहनों को रोकने के लिए कलेक्टर रूचिका चौहान ने पुलिस अधीक्षक एवं आरटीओ को पत्र लिखा है। पत्र में निर्देश दिए गए हैं कि ट्रेक्टर-ट्रॉलियां एवं ट्रॉलियों में साईड पट्टे लगाकर ओवर हाईट रेत, गिट्टी, ईटें आदि लेकर अनाधिकृत रूप से संचालित हैं। इन वाहनों की गंभीर ओवर लोडिंग न केवल रोड को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि सडक़ दुर्घटनाओं का भी एक प्रमुख कारण है। जिससे जनसुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा होता है। ऐसे सभी वाहनों के विरूद्ध मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा 113, 114 एवं 194 के अंतर्गत कार्यवाही की जाए। साथ ही बिना पंजीयन के संचालित ट्रेक्टर-ट्रॉली वाहनों को नियमानुसार जब्त करने की कार्यवाही की जाये ll

उपनगर ग्वालियर की लाइन नंबर-2 में अवैध शराब के अड्डे पर दबिश, भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद

 ग्वालियर। कलेक्टर रुचिका चौहान के आदेशानुसार अवैध शराब के खिलाफ़ आबकारी विभाग ग्वालियर द्वारा इन दिनों चलाये जा रहें विशेष अभियान में आबकारी बल ने बीते रोज बड़ी कार्यवाही में सफलता प्राप्त की है। आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा एवं सहायक आबकारी आयुक्त, ग्वालियर राकेश कुर्मी के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रह तथा परिवहन के विरुद्ध चलाये जा रहे विशेष अभियान में आबकारी बल ने बीते दिनों अवैध मदिरा की सूचना पर ग्वालियर में विभिन्न स्थानों पर अवैध मदिरा संग्रह एवं विक्रय के खिलाफ़ आबकारी बल द्वारा दबिश दी गई। आबकारी बल की कार्रवाई  के दौरान हजीरा क्षेत्र मे लाइन नंबर-2 में हेमू सिकरवार के अड्डे पर 03 पेटी देशी विदेशी मदिरा, एक दो पहिया वाहन बिना नंबर की एक्टिवा बरामद कर कार्यवाही की गई।

इसी प्रकार सागरताल क्षेत्र में चर्च के पास हरिहर कॉलोनी में 291 पाव देशी मदिरा, एक्टिवा वाहन ज़ब्त कर आरोपी महेंद्र कुमार राय निवासी घासमंडी  थाना ग्वालियर को आबकारी  अधिनियम 1915  की धारा 34(2) का प्रकरण पंजी बद्ध किया गया है।  आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।

इसी प्रकार हेमसिंह की परेड वैष्णनी नगर में सुनील पुत्र  बनवारी लाल कुशवाह के कब्जे से 14  पाव एवं 1600 मिली लीटर खुली मदिरा एवं वाहन एक्टिवा ज़ब्त किया गया है। इस प्रकार बीते रोज शनिवार को म.प्र.आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत कुल 05 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए l  इन सभी पांच प्रकरणों में ज़ब्त वाहनों एवं मदिरा की कुल कीमत 2,90000/- है।

आबकारी दल की इस बड़ी कार्यवाही में  जिला आबकारी के अधिकारी राजेश तिवारी एवं रवि सिसौदिया, विवेक आदित्य सिंह , सूचि जैन के साथ ही आबकारी बल में आरक्षक संजय भदौरिया, पंकज शर्मा, सुनील सिंह, ब्रजेश नागर, निधि पंत आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।