करिअर

“सोईल हैल्थ प्रोग्राम”; पीएमश्री स्कूलों के बच्चों को सिखाईं मृदा संरक्षण की बारीकियां, ग्वालियर जिले के 6 स्कूल चयनित हुए हैं “सोईल हैल्थ प्रोग्राम” में

ग्वालियर जिले के करहिया, हस्तिनापुर, शंकरपुर, छपरा, डबरा एवं डीआरपी लाइन ग्वालियर में संचालित पीएमश्री स्कूल को सरकार ने स्कूल सोईल हैल्थ प्रोग्राम में शामिल किया है

कृषि विभाग ने इन स्कूलों के बच्चों को प्रशिक्षण के जरिए खेतों की मृदा (मिट्टी) का स्वास्थ्य, मृदा विज्ञान, मिट्टी अनुसार फसलों का उत्पादन, मृदा संरक्षण की विधियां एवं मिट्टी के नमूने लेने के तरीके व विश्लेषण की बारीकियां सिखाई गईं

ग्वालियर जिले के 6 पीएमश्री स्कूलों को सरकार द्वारा “स्कूल सोईल हैल्थ प्रोग्राम” में शामिल किया गया है। किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा इन स्कूलों के बच्चों को प्रशिक्षण कार्यक्रम के जरिए खेतों की मृदा (मिट्टी) का स्वास्थ्य, मृदा विज्ञान, मिट्टी के अनुसार फसलों का उत्पादन, मृदा संरक्षण की विधियां एवं मिट्टी के नमूने लेने के तरीके व विश्लेषण की बारीकियां सिखाई गईं। 

 उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास आरबीएस जाटव ने बताया कि जिले के अंतर्गत करहिया, हस्तिनापुर, शंकरपुर, छपरा, डबरा एवं डीआरपी लाइन ग्वालियर में संचालित पीएमश्री स्कूल को सरकार द्वारा स्कूल सोईल हैल्थ प्रोग्राम में शामिल किया गया है। इन सभी स्कूलों के बच्चों को खेतों की मिट्टी के संरक्षण व उत्पादकता बढ़ाने की बारीकियां सिखाई गई हैं। साथ ही रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग एवं जैविक उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिये भी बच्चों को प्रेरित किया गया। 

 इन स्कूलों में अलग-अलग आयोजित किए गए प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से हर स्कूल में 50 – 50 मृदा नमूने एकत्रित करने का लक्ष्य भी विद्यार्थियों को दिया गया। साथ ही मृदा संरक्षण को प्रैक्टिकल के रूप में शैक्षणिक गतिविधि के रूप में शामिल करने के लिये विद्यालयों के प्रधानाध्यापक व प्राचार्यों से कहा गया।