क्राइम

रेलवे स्टेशन पर महिला के गिरे लगभग 05 लाख के सोने के जेवरात एवं नगदी को पुलिस ने सुरक्षित वापस कराया, लोडिंग चालक को मिला था महिला का पर्स

पड़ाव थाना पुलिस स्टाफ के भरसक प्रयास से करीब पाँच लाख का सामान महिला को सुरक्षित वापस मिला, महिला ने पड़ाव थाना पुलिस की त्वरित कार्यवाही के लिए धन्यवाद दिया है

ग्वालियर। पड़ाव थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई और भरसक प्रयासों से एक फरियादी महिला का रेलवे स्टेशन पर गिरा लगभग 05 लाख के सोने के जेवरात एवं नगदी को पुलिस ने सुरक्षित वापस कराया है। पीड़ित महिला ने पड़ाव पुलिस की त्वरित कार्यवाही के लिए पुलिस स्टाफ को धन्यवाद ज्ञापित किया है।

 

पड़ाव थाना पुलिस के अनुसार फरियादिया आरती पति आशीष चौरसिया 35 साल निवासी न्यू कालौनी बिरलानगर हजीरा ग्वालियर ने थाना पड़ाव पर सूचना दी गई थी कि हमारे एक बैग में सोने के जेवरात जिसकी कीमत करीबन पाँच लाख रुपये एवं मोबाइल एवं नगदी करीब 15000/- रुपये रेलवे स्टेशन के बाहर कहीं गिर गये है। जिस पर थाना प्रभारी पड़ाव ने पुलिस की टीम को सूचनाकर्ता के सामान की खोज के लिए लगाया गया।

 सूचना मिलने पर थाना प्रभारी पड़ाव शैलेन्द्र भार्गव जांच के लिए थाना फोर्स के प्रआर सुदीप राठौर एवं आरक्षक अंकित शर्मा के साथ रेलवे स्टेशन पर ऑटो चालकों से पूछताछ की गई। इस पूछताछ के दौरान एक टमटम चालक राजू प्रजापति 32 साल निवासी मानमंदिर टॉकीज के बगल से हजीरा ग्वालियर से पूछताछ की तो उसने बताया एक लोडिंग वाहन जिस पर रेलवे विभाग लिखा है उसके चालक ने लेडीज पर्स को उठाया था।

पुलिस ने उसकी तलाश के लिए शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों में देखा तो उस संदेही लोडिंग के रंग एवं रेलवे विभाग लिखा होने से उस वाहन की रेलवे में कार्य कर रहे अन्य वाहनों की बारीकी से तलाश की गई तो लोडिंग क्रमांक यूपी03-बीटी-5613 जो प्लेटफार्म न. 04 के बाहर खड़ी मिली, जिसे टमटम चालक द्वारा पहचाना गया और पुष्टि की गई। संदेही लोडिंग के संबंध मे आसपास पूछताछ की गई तो वहाँ पर मौजूद मैनेजर के द्वारा बताया गया कि रेलवे विभाग में कार्यरत है, जिसके चालक हरीश प्रजापति पुत्र जानकी प्रसाद प्रजापति गली न. 02 लक्की टेलर के पास चंद्रबदनी नाका झांसी रोड ग्वालियर का है। उस व्यक्ति को काफी प्रयास के बाद बुलाया गया तो वह महिला का पर्स एवं पूरा सामान (ज्वेलरी) करीबन 05 तोला सोना एवं नगदी करीबन 15000/- रुपये मय मोबाइल के लेकर आया। इस सामान को फरियादिया आरती चौरसिया पति आशीष चौरसिया के द्वारा अपने सामान (ज्वेलरी) एवं नगदी एवं मोबाइल की पहचान की गई। जिसे महिला को उसके पति के सामने ही समस्त सामान को सुपुर्द किया गया। 

थाना पड़ाव पुलिस के प्रआर सुदीप राठौर एवं आरक्षक अंकित शर्मा के भरसक प्रयास से करीब पाँच लाख रुपये का सामान महिला को सुरक्षित वापस किया गया। फरियादी द्वारा थाना पड़ाव पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्यवाही के लिए धन्यवाद दिया।

*सराहनीय भूमिकाः*- थाना प्रभारी पड़ाव निरीक्षक शैलेन्द्र भार्गव, प्रआर. सुदीप राठौर, आरक्षक अंकित शर्मा की सराहनीय भूमिका रही है।