ग्वालियर। जिले में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस कड़ी में बीते रोज कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर गई खनिज विभाग की टीम द्वारा गिरवाई व बड़ागांव क्षेत्र में छापामार कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के दौरान रेत के अवैध परिवहन में लिप्त 5 ट्रेक्टर -ट्रॉली व बोल्डर से भरे एक डंफर सहित कुल 6 वाहन जब्त किए गए हैं।
खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इन सभी वाहनों को ज़ब्त कर संबंधित थाने में रखा गया है। साथ ही वाहनों पर मप्र खनिज ( अवैध खनन परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर चौहान ने अवैध उत्खनन, परिवहन व भंडारण के खिलाफ लगातार और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश खनिज विभाग के अधिकारियों को दिए हैं।
