ग्वालियर। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश में 01 नवंबर से 30 नवंबर 2025 तक "मुस्कान विशेष अभियान" संचालित किया जा रहा है। इस अभियान में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के द्वारा ग्वालियर जिले के समस्त थाना प्रभारियों को गुमशुदा नाबालिग बालक- बालिकाओं की दस्तयाबी के प्रभावी कार्यवाही करने को निर्देशित किया गया है। इन निर्देशों के परिपालन में एएसपी क्राइम ग्वालियर सुमन गुर्जर ने अपने अधीनस्थ सभी थाना प्रभारियों को थाना क्षेत्र से गुमशुदा नाबालिग बालक- बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु टीम बनाकर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये हैं।
घटनाक्रम के अनुसार गुढा निवासी फरियादी ने थाना माधौगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 नवम्बर को शाम के समय मेरी 17 साल की किशोर बेटी कोचिंग पढ़ने के लिए घर से गई थी, मेरी लड़की न कोचिंग पहुंची और न घर वापस आई है। मैनें अपनी लड़की को काफी तलाश किया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला है। फरियादी ने आशंका जताई कि कोई अज्ञात व्यक्ति मेरी लड़की को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया है। फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ थाना माधौगंज में धारा 137(2) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सीएसपी लश्कर किरण अहिरवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माधौगंज उप निरीक्षक दिव्या तिवारी के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस की एक टीम को अपहृत नाबालिग बालिका की सकुशल दस्तयाबी के लिए घटना स्थल के आसपास के क्षेत्र में सीसीटीवी फुटेज चेक करने को लगाया। गठित टीम द्वारा अपहृत किशोरी की आसपास के क्षेत्र में नाबालिग की तलाश की गई और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया। अपहृत किशोरी की दस्तयाबी हेतु साइबर सेल एवं थाना माधौगंज पुलिस की टीम को लगाया।
दौराने विवेचना थाना माधौगंज पुलिस को तकनीकी सहायता के आधार पर जानकारी मिली कि अपहृत बालिका वृंदावन जिला मथुरा उप्र गई है। इस सूचना पर पुलिस टीम को वृंदावन जिला मथुरा के लिए रवाना किया। वृंदावन में पुलिस टीम ने बालिका की तलाश होटलों व लॉज में की गई, इसी दौरान वह नाबालिग बालिका वृंदावन के एक होटल में मिली। पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह पाप मम्मी के रोकटोक करने के कारण गुस्सा होकर घर से बिना बताये अकेली चली गई थी। पुलिस टीम द्वारा आज मंगलवार 18 नवंबर को अपहृत नाबालिग को वृंदावन से सकुशल दस्तयाब किया । अपहृत बालिका के सकुशल मिलने पर परिजनों द्वारा थाना माधौगंज पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्यवाही की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।
सराहनीय भूमिका: थाना प्रभारी माधौगंज , उप निरीक्ष रजनी रघुवंशी (साइबर सेल), प्रआर प्रेम राठौर, आरक्षक भूपेन्द्र श्रीवास्तव, सोनू श्रीवास (साइबर सेल) की सराहनीय भूमिका रही है।
