क्राइम

कॉम्बिंग गश्त में 291 फरार स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार कर 342 गुण्डा व हिस्ट्रीशीटरों को चेक किया, इसके अलावा जाफौ व अन्य प्रकरणों में कार्यवाहियां की गई हैं

महाराजपुरा थाना, हजीरा, डबरा देहात, बेलगढ़ा में शराब का 01-01 तथा थाना भितरवार में शराब के 02 प्रकरण दर्ज किए, और थाना आंतरी में सट्टे का 01 प्रकरण दर्ज किया

ग्वालियर।  जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने व आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देश पर ग्वालियर जिले में रविवार- सोमवार की दरमियानी रात शहर व देहात के थाना क्षेत्रों में देररात तक कॉम्बिंग गश्त किया गया। इस दौरान एएसपी ग्वालियर शहर विदिता डागर, एएसपी अनु बेनीवाल, एएसपी शहर (पश्चिम/अपराध) सुमन गुर्जर, एएसपी ग्रामीण जयराज कुबेर एवं ग्वालियर पुलिस के समस्त राजपत्रित अधिकारियों ने अपने-अपने अधीनस्थ थाना प्रभारियों के साथ मय पुलिस बल के ग्वालियर शहर एवं देहात क्षेत्र में कॉम्बिंग गश्त किया। कॉम्बिंग गश्त से पूर्व अनुभागवार पुलिस बल को अलग-अलग स्थानों पर एकत्रित कर राजपत्रित अधिकारियों द्वारा फोर्स को ब्रीफ किया गया,  और उसके बाद अलग-अलग क्षेत्रों में कॉम्बिंग गश्त के लिए रवाना किया गया।

इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा शहर में गश्त का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को प्रभावी कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया। ग्वालियर पुलिस के अधिकारियों द्वारा अधीनस्थ थाना बल के साथ अपने-अपने क्षेत्र में पैदल गश्त किया। इस दौरान उनके द्वारा फरारी बदमाशों, वारंटियों, गुण्डों, हिस्ट्रीशीटरों एवं जिला बदर के आरोपियों की उनके घरों पर चेकिंग के साथ ही बैंक एटीएम एवं होटल, लॉज, धर्मशाला, ढाबों को भी चेक किया। गश्त के लिये पुलिस की टीमें बनाकर शहर व देहात क्षेत्रों में संवेदनशील इलाकों में भी गश्त की गई। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहनों तथा मुंह बांधे दो पहिया वाहन चालकों की विशेष तौर पर चेकिंग की गई।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने जिले में कुल 146 स्थाई वारंट, 145 गिरफ्तारी वारंट तामील कराये गये साथ ही 179 गुण्डा एवं 163 हिस्ट्रीशीटरों को चेक किया। इस दौरान थाना महाराजपुरा, हजीरा, डबरा देहात, बेलगढ़ा में शराब का 01-01 तथा थाना भितरवार में शराब के 02 प्रकरण दर्ज किए गये। इसी प्रकार थाना आंतरी में सट्टा का 01 प्रकरण दर्ज किया। इसके अलावा 107/116 जाफौ व अन्य में 04 कार्यवाहियां की गई हैं।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस द्वारा कई सक्रिय बदमाशों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई साथ ही गुण्डों एवं हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड को अपडेट किया। शहर व देहात क्षेत्र की गली मौहल्लों में घूमकर पुलिस ने गुण्डे, बदमाशों की धरपकड़ की।  जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से यह कॉम्बिंग गश्त कराई गई। विभिन्न थानों की पुलिस टीमों द्वारा गुण्डों एवं बदमाशों तथा जिला बदर के आरोपियों के घर जाकर उनकी जानकारी ली गई। चैकिंग के दौरान प्रत्येक गुण्डा, बदमाश को चेतावनी भी दी गई कि यदि वह किसी भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उनके विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी।