क्राइम

लूट के प्रयास व चोरी का पर्दाफाश;ज्वैलर्स की दुकान से सोने-चांदी के सामान की चोरी करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने 24 घंटे में चोरी के माल सहित पकड़ा

आरोपियों की निशादेही पर चोरी गये सोने-चांदी के सामान में 04 किलो चांदी एवं 10 ग्राम सोने के गहने टेकरी के जंगल से बरामद किए

ग्वालियर। पुलिस ने लूट के प्रयास व चोरी की वारदात का पर्दाफाश कर ज्वैलर्स की दुकान से सोने-चांदी के सामान की चोरी करने वाले दो बदमाशों को महाराजपुरा पुलिस ने 24 घंटे के अंदर चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस ने पकड़े गये आरोपियों की निशादेही पर चोरी गये सोने- चांदी के सामान जिसमें लगभग 04 किलो चांदी एवं लगभग 10 ग्राम सोने के सामान को टेकरी के जंगल से बरामद किए है। इसके साथ ही आरोपियों से घटना में प्रयुक्त एक कार, एक 32 बोर की पिस्टल मय एक जिंदा राउंड सहित एक बाइक को जब्त किया गया है।  पुलिस के अनुसार शातिर बदमाशों ने बीती 28 अक्टूबर  को गोला का मन्दिर क्षेत्र में एक ज्वैलर्स को पिस्टल अड़ाकर लूटने का प्रयास किया था और उसी रात चोरी की घटना को अंजाम दिया गया।

 एसएसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह के अनुसार ग्वालियर जिले में चोरों, नकबजनों व लूटेरों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया  है। इसी क्रम में आज गुरुवार को महाराजपुरा पुलिस को तकनीकी सहायता तथा जरिये मुखबिर से सूचना मिली कि  28.10.2025 को थाना गोला का मन्दिर क्षेत्र में ज्वैलर्स के साथ लूट का प्रयास एवं थाना महाराजपुरा क्षेत्र में एक ज्वैलर्स की दुकान में चोरी करने वाले दो शातिर बदमाश घटना में प्रयुक्त ग्रे- अल्टो कार के साथ लक्ष्मनगढ़ पुल के पास देखे गए हैं। सूचना पर पुलिस की संयुक्त टीम ने सीएसपी महाराजपुरा नागेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में टीम ने मुखबिर के बताये स्थान लक्ष्मनगढ़ पुल के पास पहुंची तो पुल के नीचे एक ग्रे कलर की अल्टो कार खड़ी दिखी, जिसकी घेराबंदी कर तलाशी ली तो उसमें दो लड़के बैठे दिखे। पूछताछ में उन्होनें अपने नाम भानु पुत्र भारत सिंह 20 साल निवासी ग्राम टिकरी थाना रिठौराकला जिला मुरैना तथा दूसरे व्यक्ति ने सोनू गुर्जर पुत्र रामजीलाल गुर्जर 21 साल निवासी ग्राम टिकरी थाना रिठौराकला जिला मुरैना बताये। दोनों  की तलाशी लेने पर उनके पास एक 32 बोर की पिस्टल व एक जिंदा राउण्ड मिला। पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से पिस्टल व घटना में प्रयुक्त अल्टो कार को जब्त किया है। 

जब महाराजपुरा पुलिस ने दोनों आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर विस्तृत पूछताछ की तो उन्होनें 28 अक्टुम्बर को गोला का मन्दिर क्षेत्र में पटरी रोड पर स्थित ज्वैलर्स की दुकान पर पिस्टल अड़ाकर लूट का असफल प्रयास करना बताया तथा दोनों के द्वारा उसी दिन की रात में दोनों ने द्वारा लक्ष्मीबाई कम्पलेक्स कुशवाह मार्केट महाराजपुरा स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान से सोने-चांदी के जेवरात की चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस द्वारा चोरी के माल के संबंध में पूछताछ करने पर उनके द्वारा टेकरी के जंगल में छिपाकर रखना बताया। महाराजपुरा थाना

पुलिस ने पकड़े गये दोनों आरोपियों की निशादेही पर टेकरी के जंगल से चोरी गया पूरा माल बरामद किया और चोरी की घटना में प्रयुक्त एक बाइक को भी जब्त किया ।।