क्राइम

क्राइम समीक्षा बैठक; महिला संबंधी लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण कर, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए करें प्रभावी कार्यवाहीः एसएसपी

बैठक में थानावार लंबितअपराधों की समीक्षा के साथ ही उनके यथाशीघ्र निराकरण के निर्देश दिये, कहा-लंबित CM हेल्प लाईन एवं जनसुनवाई की शिकायतों का शीघ्र संतुष्टिपूर्ण निकाल करें

बैठक में आदतन अपराधियों की अधिक से अधिक जमानत निरस्ती की कार्यवाही के निर्देश के साथ ही कहा माइनर एक्ट जिसमें एनडीपीएस एक्ट, आबकारी, आर्म्स, जुआ-सट्टा में अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही की जाए।

ग्वालियर। पुलिस कन्ट्रोल रूम सभागार में रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने थाना प्रभारियों की लंबित महिला संबंधी तथा गंभीर अपराधों और सम्पत्ति के लंबित प्रकरणों, एनडीपीएस,लंबित सीएम हेल्पलाइन के संबंध में समीक्षा बैठक ली। बैठक में एसएसपी ने थानावार लंबित अपराधों विशेषकर महिला संबंधी अपराधों की विस्तार से समीक्षा की और उनके लंबित रहने का स्पष्ट कारण भी जाना गया। साथ ही उन्होंने अपराधों में फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर प्रकरणों का निराकरण के निर्देश दिये। उन्होंने कहा लंबित अपराधों का समय सीमा में निकाल कर कोर्ट में चालान पेश किया जाए।

कन्ट्रोल रूम सभागार में रविवार को हुई समीक्षा में एएसपी  विदिता डागर , एएसपी अनु बेनीवाल, एएसपी सुमन गुर्जर, एएसपी ग्रामीण जयराज कुबेर सहित समस्त सीएसपी, एसडीओपी एवं जिले के थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

गंभीर अपराधों का समय से निकाल न होने पर असंतोष ! 

समीक्षा बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने कहा कि अनावश्यक रूप से लंबित महिला संबंधी अपराध, मर्ग एवं गंभीर अपराधों के निराकरण के लिये यथासंभव ईमानदारी से प्रयास किये जाए और प्रकरणों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर पर टीम बनाकर प्रभावी कार्यवाही की जावे।  एसएसपी ने गंभीर अपराधों का समय सीमा में निकाल न होने पर असंतोष जाहिर करते हुए उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि अपराधों को अनावश्यक लंबित रखना गंभीर बात है, इस प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी, पुराने लंबित प्रकरणों के निकाल के लिये गंभीरता से प्रयास किये जाने की जरूरत है।

लंबित अपराधों की थाना स्तर पर मॉनिटरिंग की जाएं

राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी लंबित अपराधों व मर्ग निकाल के लिये थाना स्तर पर विवेचकों की बैठक लेकर मॉनिटरिंग कर अधिक से अधिक लंबित अपराधों का जल्द निकाल करने का प्रयास करें। बैठक में एसएसपी ने संपत्ति संबंधी अपराधों तथा माइनर एक्ट जिसमें एनडीपीएस एक्ट, आबकारी, आर्म्स, जुआ-सट्टा में अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिये साथ ही थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि आदतन अपराधियों की अधिक से अधिक जमानत निरस्ती की कार्यवाही की जाए।

क्षेत्र में क्राईम कन्ट्रोल करना थाना प्रभारी का दायित्व 

बैठक में उन्होंने कहा कि लंबित अपराधों का समय-सीमा में निराकरण कर क्षेत्र में क्राईम कन्ट्रोल करना थाना प्रभारी का दायित्व है, इसके लिए उन्हें अपने-अपने क्षेत्र के पुराने एवं आदतन अपराधियों की सूची तैयार कर उनकी वर्तमान की गतिविधियों पर निगरानी रखनी चाहिए कि वह पुनः किसी अपराध में संलिप्त तो नहीं हो रहे हैं। बैठक में एसएसपी ने थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि फील्ड में पुलिस फोर्स की अधिक से अधिक उपस्थित दिखनी चाहिए और क्षेत्र में लगातार प्रभावी चेकिंग की जाए।जाए।