ग्वालियर पुलिस ने गर्भवती महिला के अपहरण में शामिल एक ईनामी बदमाश को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था, आरोपी तिघरा क्षेत्र में कार से घूम रहा था तभी पुलिस को सक्रिय मुखबिर से सटीक सूचना मिली तो दो थानों की पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी से घटना में प्रयुक्त एक सफेद रंग की बिटारा ब्रेजा कार को भी जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार बीती 8 अक्टूबर को तिघरा थाना क्षेत्र के ग्राम गुर्जा में रहने वाले फरियादी बृजलाल गुर्जर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ बदमाशों ने उसकी गर्भवती बहू का बंदूक की नोक पर अपहरण कर लिया है, रिपोर्ट में फरियादी ने बताया था कि उसके बेटे गिर्राज गुर्जर का विवाह 2024 में श्योपुर जिले के सेसईपुरा में रहने वाली अंजू के साथ हुआ था। लेकिन शादी के समय मुरैना जिले के तिलौधा सरायछौला निवासी जोगेन्द्र उर्फ जोगा उर्फ योगी गुर्जर ने विरोध करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी।
बीती 08 अक्टुबर की शाम जोगेन्द्र उर्फ योगी गुर्जर अपने साथियों अंके गुर्जर, कल्ली उर्फ किलेदार गुर्जर, डीपी गुर्जर, तहसीला गुर्जर, शेरू गुर्जर, भोला गुर्जर, रवि गुर्जर, सत्यवीर गुर्जर, प्रदीप गुर्जर एवं अन्य 4-5 लोगों के साथ बंदूक लेकर फरियादी बृजलाल के घर पहुँचा और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। आरोपियों ने फरियादी के परिजनों से मारपीट करते हुए उसकी बहू अंजू गुर्जर (गर्भवती) को जबरदस्ती बंदूक की नोक पर उठा ले गए। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना तिघरा में अपहरण का प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
बंदूक की नोक पर अपहरण के मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देश पर थाना तिघरा, क्राइम ब्रांच एवं अन्य थानों की टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया। एएसपी अनु बेनीवाल ने पुलिस टीमों को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष निर्देश दिए ।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सीएसपी ग्वालियर कृष्णपाल सिंह के मार्गदर्शन में गठित टीमों ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू की आज शुक्रवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अपहरण के मामले का एक 10 हजार का इनामी आरोपी अंके गुर्जर एक सफेद रंग की बिटारा ब्रेज़ा कार से तिघरा क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना पर थाना पुरानी छावनी एवं तिघरा पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस टीम ने रामप्रसाद का पुरा से कुलैथ चौराहे की ओर जा रही कार का पीछा कर सीएम राइज स्कूल के आगे मंत्री सिटी के पास रोका। तत्काल दोनों पुलिस पार्टियों ने कार की घेराबंदी की कार का गेट खुलवाने पर उसमें ड्राईवर सीट पर बैठा एक व्यक्ति मुखबिर के बताये हुलिया का दिखा, जिससे नाम पता पूछने पर अपना नाम अंकित उर्फ अंके गुर्जर पुत्र राजवीर गुर्जर 18 साल निवासी ग्राम तिलौधा थाना सरायछौला जिला मुरैना का होना बताया। जिससे अपहरण मामले में पूछताछ करने पर घटना को अपने साथियों सहित वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। साथ में ली हुई सफेद ब्रेजा कार के संबध में पूछताछ करने पर अपने भाई जोगेन्द्र उर्फ योगेन्द्र योगी के दोस्त की होना बताया। इसके बाद थाना तिघरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कार को जब्त कर उसके फरार साथियों के ठिकानों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी पर एसएसपी ग्वालियर ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।था।
