ग्वालियर। प्रयोगशाला में कराई गई जाँच में धान व बाजरा बीज के नमूने अमानक पाए जाने पर किसान कृषि सेवा केन्द्र बनवार का बीज विक्रय लायसेंस निरस्त कर दिया गया है। लायसेंसिंग प्राधिकारी (बीज) सह उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास द्वारा इस आशय का आदेश जारी किया गया है।
उप संचालक कृषि से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीज निरीक्षक एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी भितरवार द्वारा जिले के ग्राम बनवार में स्थित किसान कृषि सेवा केन्द्र का निरीक्षण कर धान बाजरा के नमूने लेकर बीज परीक्षण प्रयोगशाला ग्वालियर में जाँच के लिये भेजे गए थे। जाँच में नमूने अमानक पाए जाने पर विक्रय प्रतिबंधित कर दिया था। साथ ही फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। नोटिस का जवाब समाधानकारक न पाए जाने पर बीज नियंत्रण आदेश एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार लायसेंसिंग प्राधिकारी द्वारा यह कार्रवाई की गई है।
रेत के अवैध उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई में सिंध नदी पर दो पण्डुब्बियाँ नष्ट कराईं, एक ट्रेक्टर-ट्रॉली जब्त की
जिले में रेत के अवैध उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई जारी है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने यह कार्रवाई लगातार जारी रखने के निर्देश दिए हैं। इस कड़ी में बुधवार को खनिज विभाग की टीम ने पुलिस के सहयोग से भितरवार तहसील के अंतर्गत बेलगड़ा के समीप स्थित सिंध नदी के घाट पर छापामार कार्रवाई की। इस कार्रवाई में मौके पर रेत के अवैध उत्खनन में संलग्न दो पण्डुब्बियाँ नष्ट कराई गईं। साथ ही एक ट्रेक्टर ट्रॉली जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में रखवाई गई है। प्रभारी खनिज अधिकारी ने बताया कि इस अवैध कारोबार में लिप्त आरोपियों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
