अग्निवीर सेना भर्ती रैली के तीसरे दिन टीकमगढ़ से 331 और भिंड से 389 युवाओं ने मैदान में पूरे जोश और अनुशासन के साथ भाग लिया, सभी प्रतिभागियों ने शारीरिक क्षमता और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया
शिवपुरी। अग्निवीर सेना भर्ती रैली के तहत बीते रोज बुधवार को भर्ती का तीसरा दिन संपन्न हुआ। इस दिन मध्यप्रदेश के दो जिलों- टीकमगढ़ और भिंड से आए कुल 720 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। जिनमें से 363 युवाओं ने दौड़ की प्रारंभिक परीक्षा सफलतापूर्वक पूरी की। टीकमगढ़ से 331 और भिंड से 389 युवाओं ने मैदान में पहुँचकर पूरे जोश और अनुशासन के साथ प्रतिभाग किया। सभी प्रतिभागियों ने शारीरिक क्षमता और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया। सफल अभ्यर्थियों को अब अगली प्रक्रिया- शारीरिक दक्षता परीक्षण, दस्तावेज़ सत्यापन और चिकित्सकीय परीक्षण से गुजरना होगा। जिला प्रशासन शिवपुरी एवं सेना भर्ती कार्यालय ग्वालियर के संयुक्त समन्वय से रैली का आयोजन सुचारु रूप से किया जा रहा है।
भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता आधारित है। युवाओं को सलाह दी गई है कि वे किसी भी प्रकार के फर्जीवाड़े या दलालों के झांसे में न आएं।
आईटीबीपी में बल के सर्वोत्तम प्रशिक्षण केंद्र चयन के लिए निरीक्षण
भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, शिवपुरी में 3 से 5 अगस्त 2025 तक आईटीबीपी बल के सर्वोत्तम प्रशिक्षण केन्द्र के चयन के लिए निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण भा.ति.सी.पु. अकादमी के उप महानिरीक्षक निशिथ चन्द्र द्वारा किया गया।
निरीक्षण के दौरान संस्थान के प्रशिक्षार्थियों ने इनडोर एवं आउटडोर प्रशिक्षण कौशल का प्रदर्शन किया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। महिला प्रशिक्षार्थियों की प्रस्तुतियों को विशेष रूप से सराहा गया, और प्रशिक्षण के दौरान तनाव प्रबंधन हेतु ऐसे रचनात्मक आयोजनों को जारी रखने पर बल दिया।
उप महानिरीक्षक श्रीचन्द्र ने कहा कि यद्यपि बल में महिलाओं की संख्या मात्र 3–4 प्रतिशत है, फिर भी उनकी भागीदारी 30–40 प्रतिशत तक सक्रिय और प्रभावशाली है। उन्होंने महिला कर्मियों से आग्रह किया कि वे आगे आकर अपनी सक्षमता को पहचान दिलाएं।
निरीक्षण के बाद श्रीचन्द्र द्वारा पौधारोपण भी किया। इस अवअवसरसर पर संस्थान के द्वितीय कमान भरत बालकृष्ण वेरुलकर, उप सेनानी के. सोलई राज, जितेन्द्र कुमार प्रजापति, जगदीश सीपी, सहायक सेनानी अनिल कुमार भावे सहित समस्त प्रशिक्षक एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में उप महानिरीक्षक ने प्रशिक्षकों, आयोजकों और सभी प्रतिभागियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और सभी प्रस्तुतियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
