
ग्वालियर। अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं भारतीय हॉकी टीम के पूर्व प्रशिक्षक जिनकी बायोग्राफी पर 'चक दे इंडिया' फिल्म बनी है, मीर रंजन नेगी का आज मंगलवार की शाम खेल एवं युवा कल्याण विभाग के स्थानीय दर्पण मिनी स्टेडियम पर जिला हॉकी समिति ग्वालियर एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग और महादजी सिंधिया हॉकी अकादमी ग्वालियर के संयुक्त तत्वाधान में शॉल एवं श्रीफल के साथ ही मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।गया।
दर्पण कॉलोनी थाटीपुर स्थित दर्पण हॉकी फीडर सेंटर में आयोजित भारतीय हॉकी टीम के पूर्व प्रशिक्षक के सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि मीर रंजन नेगी ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए अपने परिचय एवं प्रशिक्षण के लंबे अनुभव को साझा किया। साथ ही खिलाड़ियों को मेहनत लगन और ईमानदारी से अपने उद्देश्य के लिए लगातार प्रयास करते रहने के लिए मोटिवेट किया ।
भारतीय हॉकी टीम के पूर्व प्रशिक्षक नेगी ने दर्पण हॉकी फीडर सेंटर के खिलाड़ियों को भविष्य में हर प्रकार की संभव मदद का आश्वासन दिया । उन्होंने दर्पण हॉकी फीडर सेंटर के प्रशिक्षक अविनाश भटनागर की प्रशंसा करते हुए कहा कि दर्पण हॉकी फीडर सेंटर हॉकी के क्षेत्र में बहुत ही अच्छा कार्य कर रहा हैं। प्रारंभा में मुख्य अतिथि का स्वागत दर्पण मिनी स्टेडियम के सबसे छोटे खिलाड़ी पार्थ शर्मा ने माला पहनकर किया गया। इसके बाद ग्वालियर के वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी मदन गुप्ता, सुरेंद्र शर्मा, नारायण माहोर, डालचंद माहोर, विवेक पिसाल, तरनेश तपन, अविनाश भटनागर, संगीता दीक्षित, माया परमार, नरेश डगरोलिया आदि ने स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर एवं अंत में आभार प्रदर्शन विवेक पिसाल ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में दर्पण हॉकी फीडर सेंटर के जूनियर और सीनियर खिलाडी बड़ी संख्या में मौजूद थे।