ग्वालियर। विश्व पर्यावरण दिवस एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में विशेष जनकल्याण अभियान के तहत नगर निगम सीमा क्षेत्र में 12 से 14 जून तक विधानसभा वार शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा तथा निगम की सेवाओं से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों का निराकरण किया जाएगा।
नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार अपर आयुक्त प्रदीप सिंह तोमर द्वारा जारीआदेश के अनुसार 12 जून से 14 जून 2026 तक आयोजित होने वाले शिविरों में नगर निगम द्वारा संचालित एवं प्रस्तावित समस्त सेवाओं से संबंधित आवेदन और शिकायतें सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक प्राप्त की जाएंगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे से शाम 4 बजे तक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के लाभ वितरित किए जाएंगे।
शिविरों में संबंधित क्षेत्राधिकारी, संपत्तिकर अधिकारी, उपयंत्री विद्युत, उपयंत्री पीएचई, स्वास्थ्य अधिकारी, राजस्व अधिकारी, जनमित्र प्रभारी, राजस्व कर संग्राहक एवं समग्र ऑपरेटर उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान करेंगे।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थल पर पहुंचकर निगम की विभिन्न सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
इस दिन लगेंगे विधानसभा स्तरीय जनकल्याण शिविर
12 जून 2026 को ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के लिए टप्पा तहसील स्थित जनमित्र कार्यालय क्रमांक-09 में शिविर आयोजित होगा, जिसमें जोन क्रमांक 08 से 14 एवं जोन 22 के नागरिक शामिल होंगे।
13 जून 2026 को ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के लिए कांचमील स्थित क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक-05 में शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में जोन क्रमांक 01 से 07 तथा जोन 23 के नागरिक लाभान्वित होंगे।
इसी प्रकार 14 जून 2026 को ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के लिए ढोलीबुआ का पुल स्थित क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक-17 में शिविर आयोजित होगा, जिसमें जोन क्रमांक 15 से 21 तथा जोन 24 एवं 25 के नागरिक शामिल होंगे।होंगे।
