
ग्वालियर। मध्यप्रदेश में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती वर्ष के अवसर पर 29 से 31 मई 2025 तक ‘‘जनकल्याणी पर्व’’ का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को जनकल्याणी पर्व पर पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अभियान चलाया गया। इसी क्रम में ग्वालियर पुलिस ने भी 31 मई 2025 को एसएसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देश पर एएसपी सुमन गुर्जर एवं डीएसपी महिला सुरक्षा ग्वालियर किरण अहिरवार के मार्गदर्शन में महिला सेल तथा ऊर्जा डेस्क प्रभारियों ने फोर्स के साथ ‘‘जनकल्याणी पर्व’’ लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती के उपलक्ष्य में महिला सशक्तिकरण के प्रति जनजागृति हेतु जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किए । इस जन जागरूकता अभियान का उद्देश्य समाज को सुरक्षित, सजग और समानता पर आधारित बनाना है, जो लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के जीवन मूल्यों से प्रेरित है।
ग्वालियर पुलिस की महिला सुरक्षा शाखा एवं महिला थाना पड़ाव जिला ग्वालियर ने संयुक्त कार्यक्रम आयोजित किए। जिसमें महिला थाना प्रभारी रश्मि भदौरिया, उप निरीक्षक शैलजा सिंह, उप निरीक्षक प्रियंका दुबे, महिला आरक्षक दिव्या शर्मा, महिला आरक्षक रिंकल गुप्ता द्वारा केशव टावर ग्वालियर में कार्य करने वाली महिलाओं के समक्ष महिला सशक्तिकरण एवं उनके अधिकारों के संबंध में शासन की योजनाओं तथा कानून के संबंध में जानकारी दी एवं हेल्पलाइन नंबर का प्रचार प्रसार किया और प्रचार पुस्तिका का वितरण किया।
साथ ही इटालियन गार्डन, गांधी प्राणी उद्यान एवं स्कूली संस्थान आदि सहित महिलाओं की भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिलाओं को होने वाले अपराध के संबंध में जानकारी देकर जागरूक किया गया और महिलाओं से चर्चा भी की गई।
लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित ‘‘जनकल्याणी पर्व’’ के दौरान थाना विवि से शिखा दंडोतिया और झांसीरोड से रूबी भार्गव ने विवि क्षेत्र महलगांव में स्थित मल्टी में जाकर वहां महिलाओं व बच्चियों को उनके अधिकारों एवं कानून के संबंध में जानकारी देकर जागरूक किया गया और महिला हेल्प लाइन नंबरों से भी अवगत कराया । इस अवसर पर उनकी समस्याओं के संबंध में भी महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा चर्चा की एवं उनका उचित समाधान प्रदान किया। इस अवसर पर जागरूकता संबंधी पम्पलेट भी वितरित किये गये।
‘‘जनकल्याणी पर्व’’ पर थाना इन्दरगंज से पायल शर्मा ने महिला बल के साथ डीडी मॉल, फूलबाग में वहां उपस्थित महिलाओं तथा छात्राओं को उनके अधिकारों से अवगत कराते हुए नवीन कानून के संबंध में जानकारी दी गई और छात्राओं को महिला हेल्पलाइन एवं बेटी की पेटी तथा 100 डायल के बारे में जानकारी दी और एसोसिएशन ऑफ ग्वालियर यूथ सोसाइटी के तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर इसके दुष्परिणामों से भी उपस्थित लोगों को बताया गया।
इसी प्रकार ग्वालियर जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी कार्यक्रम आयोजित किये गये, जिसके क्रम में डबरा देहात क्षेत्र के अमरपुरा खेरी, प्रेमनगर, नई बस्ती, बरोठा, जगदम्बा कालोनी में जाकर वहां महिलाओं तथा बच्चों को उनके अधिकारों से अवगत कराया और जागरूकता पम्पलेट वितरित की गई।