
ग्वालियर। महानगर में शादी समारोह सहित अन्य आयोजनों में लोग बेखौफ होकर अंधाधुंध फायरिंग करते हैं और इसका खामियाजा निर्दोष लोग भुगत रहे हैं और आसमानी गोली का शिकार रहे हैं। शहर में पुलिस हर्ष फायरिंग पर रोक नहीं लग पा रही है। इस कारण आए दिन ऐसे हादसे सामने आ रहे हैं और लोग आसमानी गोली का शिकार हो रहे हैं। गंभीर बात यह है कि पुलिस जहां मामले को दबाने का प्रयास करती हैं। वहीं डॉक्टर बिना एफआईआर के मरीज का ईलाज नहीं करते हैं।
घटनाक्रम के अनुसार शहर के गोला का मन्दिर क्षेत्र की नारायण विहार कॉलोनी में छत पर सो रहे एक व्यक्ति को आसमान से गिरी एक गोली लगने से वह घायल हो गया। जब उसे दर्द और खून निकलने का एहसास हुआ तो उसके बाद परिजन उसे घायल हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन परिजन और डॉक्टर नहीं समझ पाए कि यह गन शॉट है। जब डॉक्टर ने सीटी स्कैन किया तब गोली लगने का खुलासा हुआ। इसके बाद परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से की। वहीं पुलिस को आशंका है कि किसी ने हर्ष फायर किया होगा। जिससे यह घटना हुई हैं। बाद में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CSP ग्वालियर रोबिन जैन के अनुसार ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के नारायण विहार कॉलोनी में रहने वाले 48 वर्षीय श्याम बाथम 28 मई की रात अपने घर की छत पर सो रहे थे। और नीचे रूम में श्याम की पत्नी और उनका छोटा बेटा सो रहा था। उनका बड़ा बेटा दीपक अपने कमरे में आराम कर रहा था। तभी देररात 12 बजे अचानक उनको लगा कि ऊपर से कुछ गिरा है जो सीने में चुभता हुआ अंदर चला गया है। जब उन्होंने जागकर देखा तो पेट से खून निकल रहा था, तभी तत्काल उन्होंने आवाज लगाते हुए पत्नी और बच्चों के पास बुलाया। जब परिवार के लोग उनके पास पहुंचे और घायल हालत में उन्हें रात को ही जिला अस्पताल मुरार लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने ड्रेसिंग कर दवा दे दी। दवा खाने के बाद उनका दर्द कम हो गया। लेकिन अगले दिन फिर दर्द बढ़ गया। जिसके बाद परिजन उन्हें जेएएच लेकर पहुंचे। यहां भी डॉक्टर समझ नहीं पाए की यह गन शॉट है। जब दर्द ज्यादा होने लगा तो परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों के कहने पर उनका सिटी स्कैन कराया गया तो पता लगा कि सीने और पेट के बीच में एक गोली लगी हुई है। इसके बाद तत्काल परिजन ने इसकी सूचना पुलिस को देकर इलाज शुरू कराया। घटना का पता चलते ही पुलिस अस्पताल में घायल से पूछताछ करने के बाद घटनास्थल पर पहुंची। वहीं पुलिस को आशंका है कि हर्ष फायरिंग के दौरान यह घटना हुई है। जिसको लेकर पुलिस तलाश कर रही है कि दो दिन पहले कहां-कहां शादियां हुई थीं, जिसमें हर्ष फायरिंग हुई हो। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर हर्ष फायरिंग करने वाले अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।है।