वुमन

लोकमाता देवी अहिल्याबाई द्वारा लोकहित में किए गए कार्य आज भी अनुकरणीय; सांसद कुशवाह, विभिन्न क्षेत्रों में सफलता का परचम लहरा रहीं महिलाओं का किया सम्मान

देवी अहिल्याबाई की 300वी जयंती पर बाल भवन में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन का आयोजन, “शक्ति दीदी” पर केन्द्रित लघु फिल्म दिखाई , जिले में हुए इस नवाचार को मिली सराहना

ग्वालियर। लोकमाता देवी अहिल्याबाई की 300वी जयंती पर ग्वालियर में सांसद भारत सिंह कुशवाह के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय महिला सशक्तिकरण सम्मेलन का आयोजन हुआ। विभिन्न क्षेत्रों में सफलता का परचम लहरा रहीं जिले की 9 महिलाओं को इस आयोजन में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कुशवाह ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई ने धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक व सुशासन के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य किए जो हम सबके लिये आज भी प्रेरणा स्त्रोत बने हुए हैं। कार्यक्रम में ग्वालियर में महिला सशक्तिकरण की दिशा में हुए नवाचार “शक्ति दीदी” पर केन्द्रित लघु फिल्म भी दिखाई गई। कलेक्टर रुचिका चौहान द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिये किए गए इस नवाचार की सभी अतिथियों ने खुलकर सराहना की। 

शनिवार को यहाँ बाल भवन में हुए जिला स्तरीय कार्यक्रम में विधायक मोहन सिंह राठौर, जिला पंचायत की अध्यक्ष दुर्गेश  सिंह जाटव, भाजपा जिला अध्यक्ष शहर जयप्रकाश राजौरिया व ग्रामीण प्रेम सिंह राजपूत, कलेक्टर रुचिका चौहान एवं नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय मंचासीन थे। 

सांसद  कुशवाह ने कहा कि आज से 300 साल पहले लोकमाता देवी अहिल्याबाई ने लोकहित में हर क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य किए थे। इसी भावना के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव महिला सशक्तिकरण के लिये क्रांतिकारी योजनायें बनाई हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने आज प्रदेश की धरती पर लोकमाता अहिल्याबाई के सम्मान में डाक टिकिट व सिक्का जारी किया है। कुशवाह ने कहा कि सरकार ने महिलाओं के लिये नौकरियों के साथ नगरीय निकायों व पंचायत राज संस्थाओं में स्थान आरक्षित किए हैं। आगे चलकर विधायिका में भी महिलाओं को प्रतिनिधित्व मिलेगा। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं से आह्वान किया कि वे नवाचार करें और सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनें। 

आरंभ में सांसद कुशवाह सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के साथ हुआ। 

पीएम के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा

पीएम नरेन्द्र मोदी के मुख्य आतिथ्य एवं राज्यपाल मंगुभाई पटेल व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित अन्य अतिथिगणों की मौजूदगी में भोपाल के जम्बूरी मैदान में लोकमाता अहिल्याबाई की 300वी जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित हुए महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन का सीधा प्रसारण भी बाल भवन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में हुआ। सीधे प्रसारण के जरिए सभी ने पीएम मोदी व मुख्यमंत्री डॉ. यादव का उदबोधन सुना। साथ ही कार्यक्रम भी देखा। 

 अहिल्याबाई पर केन्द्रित मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुति हुई 

बाल भवन में आयोजित जिला स्तरीय महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में कथक कला निकेतन संस्था से जुड़ीं छात्राओं ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई के जीवन पर केन्द्रित मनोहारी नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों व प्रतिभागियों ने करतल ध्वनि के साथ इस प्रस्तुति की सराहना की। 

जिला स्तरीय सम्मेलन में इन महिलाओं का हुआ सम्मान 

जिला स्तरीय महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहीं महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इन महिलाओं में पर्यावरण प्रेमी मधु, कृष्ण कला केन्द्र संस्था की कलाकार मिली सक्सेना, फैशन ब्लॉगर व आर्ट क्राफ्ट आर्टिस्ट रानू नाहर, महिला राइडर शबनम, राष्ट्रीय बॉक्सर सुश्री अंशिका तिवारी, राज्य स्तर पर सम्मानित स्वच्छ भारत अभियान की गायिका अंकिता कैलासिया, शक्ति दीदी सुश्री रानी शाक्य व रजनी एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिये सुश्री विमलेश को सम्मानित किया गया।