अपना शहर

ग्वालियर पुलिस की महिला सुरक्षा के लिए पहल; शहर का पहला "पिंक बूथ का शुभारंभ" सराफा बाजार में पिंक रिबन काटकर किया

महिला पुलिस सहायता के लिए पिंक बूथ तैयार किये हैं, सराफा बाजार में शुरू महिला पुलिस सहायता केंद्र

ग्वालियर। महानगर के महाराज बाड़ा क्षेत्र के सबसे व्यस्ततम एंव महिलाओं की शॉपिंग का मुख्य सराफा बाजार में पुलिस ने  आज रविवार को शहर के पहले महिला सहायता पिंक बूथ का शुभारंभ किया गया।  एडिशनल एसपी सुमन गुर्जर ने पिंक बूथ का शुभारंभ पिंक रिबन काट कर किया गया।

 सबसे पहले पिंक बूथ डूयुटी पर तैनात महिला आरक्षक अंजू शर्मा, शशि सिंह का माला पहनाकर स्वागत किया, जो इस पिंक बूथ पर तैनात रहेंगी। कोतवाली थाना इंचार्ज के अनुसार इस पिंक बूथ में महिलाओं की शिकायत प्राथमिकता से सुनी जाएगी और उनकी शिकायतें सुनने के लिए महिला आरक्षक सुबह से देर रात तक हमेशा मौजूद रहेंगी। उन्होंने बताया कि इस पिंक बूथ में वायरलेस सेट भी उपलब्ध रहेगा। पिंक बूथ के शुभारंभ कार्यक्रम में पधारे अतिथियों का स्वागत थाना प्रभारी मोहिनी वर्मा एव अन्य ने पुष्प गुच्छ भेंट कर किया गया।

 ग्वालियर पुलिस द्वारा जिले में आला पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। जिले में महिलाओं की स्थिति को मजबूत करने के लिए पुलिस में मौजूद महिलाओं को आगे लाया जा रहा है। एडिशनल एसपी सुमन गुर्जर ने बताया कि यह पहला पिंक बूथ है। पिंक बूथ महिलाओं की सुरक्षा के लिए उपयोगी साबित होगा। इस तरह के अन्य पिंक बूथ और भी बनाये जायेंगे, जैसे उरवाई गेट, लक्ष्मीबाई कॉलोनी, मुरार पर भी इसी प्रकार के महिला सहायता पिंक बूथ स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा यह पिंक बूथ (चौकी) एसोसियेशन ऑफ ग्वालियर यूथ सोसाइटी के सहयोग से बनाई जा रही हैं। पिंक बूथ (चौकी) के शुभारंभ अवसर पर एएसपी गजेंद्र वर्धमान, डीएसपी-क्राइम किरण अहिरवार , आजाक थाना प्रभारी अनीता गुर्जर (महिला थाना)  दीप्ति तोमर के अतिरिक्त समस्त महिला डेस्क प्रभारी भी उपस्थित थी।  इस आयोजन में अध्यक्ष एसोसिएशन ऑफ ग्वालियर यूथ सोसायटी, विभिन्न व्यवसायी संगठन के पदाधिकारी सहित पुरुषोत्तम जैन (अध्यक्ष सोना चांदी व्यवसाई संघ), समाजसेवी सुरेश गुप्ता, माधव अग्रवाल, विशाल जैन, धीरज गोयल, नरोत्तम रेनवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एंव आभार प्रकट इंचार्ज थाना प्रभारी कोतवाली मोहिनी वर्मा ने किया।