राजनीति

मुख्यमंत्री यादव ने लहार में खोला सौगातों का पिटारा; बोले- रण-बांकुरों की धरा ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध, 100 बीघा जमीन पर नया औद्योगिक केन्द्र बनेगा

लहार में स्व-सहायता समूह सम्मेलन में ₹117.71 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन हुआ, चंदावली- रोहिनी सिंह पुरा में नया औद्योगिक केन्द्र बनेगा, Govt.कॉलेज का नाम महारानी अहिल्याबाई होल्कर होगा

ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्वालियर - चंबल की धरा रण-बांकुरों की धरा है। चंबल क्षेत्र के सैनिक देश की सीमा पर सीना तानकर खड़े हैं। यहाँ का अतीत सदैव से गौरवशाली रहा है। इसलिए लहार सहित सम्पूर्ण चंबल क्षेत्र के विकास के लिये सरकार कटिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बीते रोज भिण्ड जिले के तहसील मुख्यालय लहार स्थित माँ मंगलादेवी मैदान में स्व-सहायता समूह सम्मेलन सह विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने लगभग 117 करोड़ 71 लाख रूपए लागत के 50 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 117 करोड़ 71 लाख रूपए लागत के जिन 50 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया, उनमें 64 करोड़ 07 लाख रूपए लागत के 17 कार्यों का लोकार्पण व 53 करोड़ 64 लाख रूपए लागत के 33 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सौगातों का पिटारा खोलकर लहार क्षेत्र को नई सौगातें भी दीं। उन्होंने घोषणा की कि लहार तहसील के अंतर्गत चंदावली रोहिनी सिंह पुरा मौजा की 100 बीघा जमीन पर नया औद्योगिक केन्द्र बनाया जायेगा, जहाँ सभी प्रकार के कारखाने लगेंगे। उन्होंने ग्राम पंचायत मछंड व असवार को नगर परिषद बनाने एवं आलमपुर के शासकीय महाविद्यालय का नाम महारानी अहिल्याबाई करने की घोषणा की। साथ ही लहार क्षेत्र में स्थित मल्हार राव होल्कर की छत्री का जीर्णोद्धार एवं जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत करधन व भाटन तालाब का जीर्णोद्धार कराने की घोषणा भी उन्होंने की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर स्वामित्व योजना के तहत हितग्राहियों को पट्टे व उद्यम क्रांति योजना सहित सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए। साथ ही बोर्ड परीक्षाओं में अव्वल रहे विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। 

कार्यक्रम में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, क्षेत्रीय सांसद संध्या राय, लहार क्षेत्र के विधायक अम्बरीश शर्मा गुड्डू व विधायक भिण्ड नरेन्द्र सिंह कुशवाह, जिला पंचायत की अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया, पूर्व मंत्री व अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, पूर्व मंत्री ओपीएस भदौरिया, पूर्व सांसद अशोक अर्गल व भाजपा जिला अध्यक्ष भिण्ड देवेन्द्र  नरवरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि मंचासीन थे। 

 खेती पर आधारित इण्डस्ट्रीज को बढ़ावा दिया जायेगा 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में गेहूँ, सरसों व सोयाबीन का रिकॉर्ड उत्पादन हो रहा है। मध्यप्रदेश की पहचान अब अनाज के कटोरे के रूप में होती है। उन्होंने कहा प्रदेश के किसान समृद्ध हों, इस उद्देश्य से प्रदेश में खेती पर आधारित इण्डस्ट्री (औद्योगिकीकरण) को बढ़ावा दिया जायेगा। 

पीएम के नेतृत्व में देश पूरी तरह सुरक्षित 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस मौके पर यह भी कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश व प्रदेश के साथ ग्वालियर- चंबल क्षेत्र भी तेजी से प्रगति कर रहा है। साथ ही उनके नेतृत्व में देश पूरी तरह सुरक्षित है। कश्मीर में बेकसूर व निहत्थे लोगों की हत्या करने वाले नापाक व कायर आतंकियों को उनके घर में घुसकर 25 मिनट के भीतर नेस्तनाबूद किया गया है। 

किसानों को बिजली बिल से दिलायेंगे छुट्टी  

 मुख्यमंत्री  मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में किसान आधारित सरकार काबिज है। सरकार प्रदेश के किसानों को मात्र 5 रूपए में पाँच हॉर्सपॉवर का कनेक्शन सिंचाई के लिये देगी। साथ ही किसानों को बिजली के बिल से छुट्टी दिलाई जायेगी। इस दिशा में सरकार किसानों को पाँच लाख रूपए तक का सोलर सिस्टम मात्र 10 प्रतिशत प्रीमियम पर उपलब्ध करायेगी। सरकार 4 लाख 75 हजार रूपए स्वयं भरेगी। 

घायल को अस्पतालों पहुँचाने वाले को सरकार देगी प्रोत्साहन राशि 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मानवता का परिचय देकर सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को अस्पताल तक पहुँचाने वाले नागरिकों के प्रोत्साहन के लिये सरकार ने राहगीर योजना शुरू की है। जिसके तहत 25 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि दी जायेगी। 

लहार विधायक अम्बरीश शर्मा गुड्डू ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिये विकास कार्यों की बड़ी-बड़ी सौगातें देने के लिये मुख्यमंत्री यादव के प्रति सम्पूर्ण क्षेत्रीय निवासियों की ओर से धन्यवाद व्यक्त किया। साथ ही भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव आगे भी लहार क्षेत्र के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। 

आरंभ में मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन एवं कन्या पूजन कर स्व-सहायता समूह सम्मेलन सह विकास कार्यों के लोकार्पण व भूमिपूजन समारोह का शुभारंभ किया।