टॉप न्यूज़

रेत के अवैध भंडारण के खिलाफ विशेष मुहिम में बड़ी कार्रवाईः 7,930 घन-मीटर रेत जब्त, तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी पकड़ी गईं, पिछोर के ग्राम काशीपुर एवं कूड़ाची के साथ ही बहोड़ापुर क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर की गई है कार्रवाई

उधर भितरवार में अवैध परिवहन में लिप्त तीन डंपर जब्त किए हैं, तीनों जब्त डंपरो को पुलिस थाना भितरवार की अभिरक्षा में खड़े कराए हैं, खनिज विभाग ने अवैध भंडारण के साथ ही अवैध परिवहन के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की

ग्वालियर। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को आज बड़ी कार्रवाई की गई है। जिला प्रशासन के निर्देश पर गई संयुक्त टीम ने अवैध रूप से भंडारित 7,930 घनमीटर अवैध रेत को जब्त किया है। जब्त की गई रेत से शासन को लगभग 26.80 लाख रुपये राजस्व प्राप्त होने का अनुमान है। इसके साथ ही अवैध रेत परिवहन में संलिप्त तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी जब्त की गई हैं।

प्रभारी जिला खनिज अधिकारी घनश्याम सिंह यादव ने बताया डबरा अनुविभाग के अंतर्गत तहसील पिछोर के ग्राम काशीपुर एवं कूड़ाची में कार्रवाई करते हुए शासकीय सर्वे नंबरों पर अवैध रूप से भंडारित 7,750 घनमीटर रेत जब्त की गई है। यह रेत वर्षाकाल में ऊंचे दामों पर बिक्री के उद्देश्य से डंप की गई थी।

इसी प्रकार ग्वालियर शहर के बहोड़ापुर क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर 180 घनमीटर अवैध रेत का भंडारण जब्त किया गया है। इस प्रकार जिले में कुल 7,930 घनमीटर अवैध रेत जब्त की गई है।

खनिज विभाग ने अवैध भंडारण के साथ-साथ अवैध परिवहन के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की। ग्वालियर शहर में अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रही तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर संबंधित थानों में सुरक्षित रखा गया है।

उल्लेखनीय है कि जिले में अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में अब तक लगभग 20 हजार घनमीटर अवैध रेत जब्त की जा चुकी है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

 भितरवार में अवैध परिवहन में लिप्त तीन डंपर जब्त; प्रशासन व पुलिस के संयुक्त दल ने आज भितरवार की लुहारी रोड पर चैकिंग के दौरान की बड़ी कार्रवाई

ग्वालियर जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन व भण्डारण के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा विशेष मुहिम चलाई जा रही है। इस कड़ी में शुक्रवार को जिला प्रशासन व पुलिस के संयुक्त दल द्वारा भितरवार तहसील के अंतर्गत लुहारी रोड पर चैकिंग के दौरान रेत के अवैध परिवहन में लिप्त तीन डम्फर जब्त किए हैं।

रेत लेकर जा रहे इन डंपर को रोककर रेत की रॉयल्टी रसीद मांगी , जो इन पर उपलब्ध नहीं थी। यह अनियमितता पाए जाने पर तीनों डम्फर विधिवत जब्त कर पुलिस थाना भितरवार की अभिरक्षा में खड़े कराए गए हैं। साथ ही खनिज अधिनियम एवं शासन के अन्य प्रावधानों के तहत कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।

यह कार्रवाई तहसीलदार शिवदत्त कटारे व नायब तहसीलदार शिवदयाल शर्मा सहित राजस्व व पुलिस के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा अंजाम दी गई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में रेत सहित अन्य खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन व भण्डारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।