अपना शहर

विशेष जनकल्याण अभियान; आमजनों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने टप्पा तहसील मुरार में शिविर लगा; सुबह 10 बजे से प्रारंभ हुए शिविर के शुभारंभ पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजौरिया और पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल मौजूद रहे

शनिवार 13 जून को ग्वालियर विस क्षेत्र के कांचमील स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में शिविर आयोजित होगा, इसी प्रकार 14 जून को दक्षिण विस क्षेत्र के लिए ढोलीबुआ का पुल स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में शिविर आयोजित होगा

ग्वालियर। नगर निगम द्वारा टप्पा तहसील में आयोजित शिविर में आमजनों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। यह शिविर सुबह 10 बजे से प्रारंभ हो गया है जो कि शाम 4 बजे तक रहेगा। नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने आमजनों से अपील की है कि वह शिविर में पहुंचकर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। शिविर के शुभारंभ अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।

विश्व पर्यावरण दिवस एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में विशेष जनकल्याण अभियान के तहत नगर निगम सीमा क्षेत्र में 12 से 14 जून तक विधानसभा वार शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।  इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा तथा निगम की सेवाओं से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों का निराकरण किया जाएगा।

नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार अपर आयुक्त प्रदीप सिंह तोमर द्वारा जारी आदेश के अनुसार 12 जून से 14 जून 2026 तक आयोजित होने वाले शिविरों में नगर निगम द्वारा संचालित एवं प्रस्तावित समस्त सेवाओं से संबंधित आवेदन और शिकायतें सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक प्राप्त की जाएंगी। इसके बाद दोपहर 3 से शाम 4 बजे तक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के लाभ वितरित किए जाएंगे।

शिविरों में संबंधित क्षेत्राधिकारी, संपत्तिकर अधिकारी, उपयंत्री विद्युत, उपयंत्री पीएचई, स्वास्थ्य अधिकारी, राजस्व अधिकारी, जनमित्र प्रभारी, राजस्व कर संग्राहक एवं समग्र ऑपरेटर उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान करेंगे।  निगमायुक्त संघ प्रिय ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थल पर पहुंचकर निगम की विभिन्न सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।

जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत आयोजित शिविर 12 जून 2026 को ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र का टप्पा तहसील स्थित जनमित्र कार्यालय क्रमांक-09 में शिविर आज लगाया गया है , जिसमें जोन क्रमांक 08 से 14 एवं जोन 22 के नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।

इसके साथ ही कल 13 जून शनिवार को ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के लिए कांचमील स्थित क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक-05 में शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में जोन क्रमांक 01 से 07 तथा जोन 23 के नागरिक लाभान्वित होंगे।

इसी प्रकार 14 जून 2026 को ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के लिए ढोलीबुआ का पुल स्थित क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक-17 में शिविर आयोजित होगा, जिसमें जोन क्रमांक 15 से 21 तथा जोन 24 एवं 25 के नागरिक शामिल होंगे।होंगे।