अपना शहर

मुरार क्षेत्र में आज फिर दूसरे दिन भी जल-प्रदाय प्रभावित; कम दबाव से होगी पानी की सप्लाई, मुरार पंपिंग मेन लाइन के ऊपर आरसीसी नाला होने से मरम्मत कार्य के लिए नाले को तोड़कर संधारण कार्य जारी है

जलापूर्ति व्यवस्था से जुड़े आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते गुरुवार, 11 जून को भी मुरार में कुछ क्षेत्रों में पानी की सप्लाई कम मात्रा और कम दबाव से होने की संभावना है

ग्वालियर। मुरार क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था से जुड़े आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते गुरुवार, 11 जून 2026 को दूसरे दिन भी कुछ क्षेत्रों में पानी की सप्लाई कम मात्रा और कम दबाव से होने की संभावना है।

ग्वालियर नगर निगम में पीएचई विभाग के कार्यपालन यंत्री  हेमंत कुमार शर्मा ने बताया कि मुरार पंपिंग मेन लाइन के ऊपर आरसीसी नाला होने के कारण मरम्मत कार्य के लिए नाले को तोड़कर कार्य करना पड़ा। इस प्रक्रिया में अपेक्षा से अधिक समय लगने के कारण कार्य में विलंब हुआ है।

उन्होंने बताया कि इसके चलते मीरानगर, मुरार एवं रिसाला बाजार स्थित पानी की टंकियां अपनी पूर्ण क्षमता से नहीं भर सकेंगी। परिणामस्वरूप इन टंकियों से जुड़े क्षेत्रों में 11 जून की सुबह होने वाला जल प्रदाय कम मात्रा तथा कम दबाव से किया जाएगा।

अपर आयुक्त ने किया जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण

आगामी मानसून के मद्देनजर शहर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो इसके लिए अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने शहर के विभिन्न जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने हाईकोर्ट, मेट्रो टॉवर, सनवैली, ब्लू लोट्स, अलापुर डैम, बीएसएनएल चौराहा आदि क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा निर्देष दिए कि जहा जहां जल भराव होता है वहां अगर जरूरत पड़े तो पानी को डायवर्ट करने के लिए लाइन आदि डालने का कार्य समय रहते कर लें। इसके साथ ही सभी नालों की सफाई कर पानी की निकासी करने के निर्देश दिए। विदित हो कि पिछले वर्ष औसत से अधिक बारिश होने के कारण शहर के कई क्षेत्र डूब क्षेत्र में बदल गए थे। निरीक्षण के दौरान सहायक यंत्री अजय शाक्यवार,  अजय साहू, उपयंत्री सुशील साहू, स्वास्थ्य अधिकारी गौरव सेन मौजूद रहे।