मुरैना/ग्वालियर। मुरैना कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ एवं पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने जिला खनिज अधिकारी सुखदेव निर्मल सहित राजघाट क्षेत्र एवं चंबल नदी के विभिन्न संवेदनशील स्थलों का रात्रिकालीन निरीक्षण किया। यह निरीक्षण रात्रि 9:30 बजे से प्रातः 2:50 बजे तक लगातार किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चंबल नदी के राजघाट, अलाहबेली चौकी, गड़ोराघाट, सरायचौला का पुरा, कुल्हाड़ा, वन चौकी, परिवहन विभाग की चेक पोस्ट तथा आरटीओ (परिवहन) चेक पोस्ट सहित विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर मौके की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर जांगिड़ ने विशेष रूप से आरटीओ चेक पोस्ट का निरीक्षण कर वहां तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से वाहन जांच, ओवरलोडिंग नियंत्रण तथा अवैध रेत परिवहन की रोकथाम संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि चेक पोस्ट पर प्रत्येक संदिग्ध वाहन की गहन जांच की जाए तथा किसी भी स्थिति में अवैध खनिज परिवहन को अनुमति न दी जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने SAF, वन विभाग, परिवहन विभाग, पुलिस विभाग तथा खनिज विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चंबल नदी क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने निर्देश दिए कि सभी पुलिस चौकियों एवं चेक पोस्टों पर रात्रिकालीन निगरानी और गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा अवैध रेत परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा रात्रिकालीन गश्त एवं चेकिंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा अवैध खनिज परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण एवं राजस्व संरक्षण के उद्देश्य से ऐसे निरीक्षण आगे भी निरंतर किए जाते रहेंगे।
