अपना शहर

'अंतर्राष्ट्रीय बालश्रम निषेध दिवस'; बालश्रम उन्मूलन का संदेश लेकर निकली जागरूकता रैली : बच्चों के अधिकारों व कानूनी प्रावधानों पर हुई कार्यशाला

रैली सहायक श्रमायुक्त कार्यालय से प्रारंभ होकर हजीरा सब्जी मंडी, हजीरा चौराहा, तानसेन रोड और बिरलानगर रोड होते हुए विभिन्न क्षेत्रों में पहुंची

 ग्वालियर। अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर ग्वालियर में बाल श्रम के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के लिए कार्यशाला एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों, सामाजिक संगठनों, प्रतिष्ठान संचालकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मानजनक बचपन का अधिकार दिलाने के लिए सामूहिक प्रयासों का संकल्प लिया।
सहायक श्रमायुक्त कार्यालय द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग, किशोर पुलिस इकाई, जिला दुर्व्यवहार निवारण समिति, सेंटर फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट तथा अन्य सामाजिक संगठनों के सहयोग से कार्यशाला आयोजित की गई। इसके साथ ही जनजागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली सहायक श्रमायुक्त कार्यालय से प्रारंभ होकर हजीरा सब्जी मंडी, हजीरा चौराहा, तानसेन रोड और बिरला नगर रोड होते हुए विभिन्न क्षेत्रों में पहुंची, जहाँ लोगों को बाल श्रम के दुष्परिणामों और इसके उन्मूलन के लिए जागरूक किया गया।
सहायक श्रमायुक्त नम्रता सोनी ने बताया कि कार्यक्रम में बैंड-बाजा इकाइयों के संचालकों, कैटरिंग प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को बालश्रम के सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों, बच्चों के शिक्षा एवं संरक्षण संबंधी अधिकारों, बाल श्रम निषेध से जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही बाल श्रम मुक्त समाज के निर्माण में सभी नागरिकों की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर नागरिकों से अपील की गई कि वे बालश्रम की रोकथाम में सक्रिय सहयोग करें तथा किसी भी प्रतिष्ठान या संस्थान में बाल श्रम नियोजित पाए जाने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन पर सूचना देकर बच्चों के अधिकारों की रक्षा में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।निभाएं।