
ग्वालियर। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले में प्राचीन धार्मिक स्थलों एवं बावड़ियों की साफ - सफाई का काम प्रमुखता से किया जा रहा है। अभियान में जन अभियान परिषद के स्वयं सेवक भी बढ़चढ़कर हिस्सेदारी निभा रहे हैं। इस क्रम में जन अभियान परिषद ग्वालियर से संबद्ध नवांकुर संस्था सफल युवा मंडल द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत ग्राम झंडा का पुरा तिघरा रोड स्थित प्राचीन झरनेश्वर मंदिर परिसर एवं ऐतिहासिक बावड़ी के पास साफ-सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों में जल स्रोतों की महत्ता और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना था।
इस अवसर पर मंडल के पदाधिकारियों एवं युवाओं ने श्रमदान कर मंदिर परिसर व बावड़ी से कचरा, झाड़ियां एवं प्लास्टिक सामग्री हटाईं। साथ ही स्थानीय लोगों को पर्यावरण संरक्षण एवं जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया।
अभियान का नेतृत्व सफल युवा मंडल अध्यक्ष अरविंद कुशवाह द्वारा किया। उन्होंने कहा कि साझा प्रयासों से हम अपने क्षेत्र की पुरानी जल संरचनाओं को पुनर्जीवित कर सकते हैं। जल ही जीवन है, और इसका संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। हमारी सांस्कृतिक धरोहरों की सफाई से न केवल स्वच्छता बढ़ती है, बल्कि नई पीढ़ियों को इसका महत्व भी समझ आता है।
इस अभियान में मंडल के स्वयंसेवकों के साथ-साथ ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही यह संकल्प लिया कि भविष्य में नियमित सफाई कर मंदिर एवं बावड़ी को स्वच्छ बनाए रखेंगे। इस अवसर पर प्रवीण कुशवाह, महेंद्र सिंह, चमन विशाल, बलराम, बलबीर व जितेंद्र निखिल आदि ने उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाया।