अपना शहर

कलेक्टर का निरीक्षण ;छत्री मंडी मैदान की सब्जी मंडी को व्यवस्थित रूप से तैयार किया जायेगा, सब्जी मंडी के आधुनिकीकरण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए

कलेक्टर एवं निगमायुक्त ने दक्षिण विस क्षेत्र में निरीक्षण किया, मेहराब की तलैया के कायाकल्प योजना में चल रहे जीर्णोद्धार कार्य की धीमी गति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई

ग्वालियर। कलेक्टर रुचिका चौहान एवं नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने आज गुरुवार को दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण किया। इस दौरान छत्री मंडी स्थित सब्जी मंडी के नये प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मेहराब की तलैया का कार्य तेज गति से करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया। 

कलेक्टर रुचिका चौहान एवं निगमायुक्त संघ प्रिय ने छत्री मंडी मैदान के पीछे जहां कचरा डलता है, उस स्थान को भी देखा। वहा अभी निगम द्वारा स्थल की सफाई कर दी गई थी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि यहां निरंतर सफाई रखी जाए और जो कचरा डालता है उसके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने छत्री मंडी स्थित लेडीज पार्क का भी निरीक्षण किया तथा पार्क में नियमित रूप से साफ सफाई करने एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। जिस पर निगमायुक्त संघ प्रिय ने बताया कि इस पार्क के मेंटेनेंस के लिए टेंडर किया गया है। इसके साथ ही छत्री मंडी मैदान स्थित सब्जी मंडी का निरीक्षण कर मंडी को व्यवस्थित रूप से तैयार करने एवं मंडी के आधुनिकीकरण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही ओपन जिम एवं अच्युतानंद व्यायाम शाला का भी कलेक्टर ने निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए।

इसके बाद अधिकारियों ने गोल पहाड़िया स्थित हॉकर्स जोन का निरीक्षण किया तथा रोड पर लगने वाले ठेलों को हॉकर्स जोन में शिफ्ट करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

दक्षिण विस क्षेत्र के विभिन्न स्थानों के निरीक्षण के दौरान मेहराब की तलैया में कायाकल्प योजना के अंतर्गत चल रहे साफ सफाई एवं जीर्णोद्धार के कार्य का भी कलेक्टर ने अवलोकन किया तथा कार्य की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य तेज गति से करते हुए बारिश से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त मुनीष सिंह सिकरवार सहित नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी के अधिकारी उपस्थित रहे।रहे।