
भोपाल/उज्जैन। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बुधवार को उज्जैन भाजपा कार्यालय में प्रदर्शनी का उद्घाटन कर संबोधित करते हुए कहा कि पीएम मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 11 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित रहा है। मोदी सरकार के जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश के करोड़ों लोगों का जीवन बदलने का कार्य किया है। पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की हर योजना के केन्द्र में जनकल्याण और आम नागरिक के जीवन को आसान करने के साथ-साथ देश को वैश्विक स्तर पर नए आयाम देने की भावना रही है।
“देश की सीमा सुरक्षित और अर्थव्यवस्था मजबूत है”
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि देश के इतिहास में मोदी सरकार का यह कार्यकाल ’विकसित भारत’ और ’आत्मनिर्भर भारत’ के “संकल्प की सिद्धि” का स्वर्णिम काल बन रहा है। बीते 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने सीमा सुरक्षित की, अर्थव्यवस्था मजबूत की और टेक्नालॉजी को जन-जन तक पहुंचाया। मोदी जी ने विकास भी और विरासत भी के सूत्र का पालन किया है। मोदी ने जब देश की बागडोर संभाली, तब उन्होंने स्पष्ट कहा था भारत प्रथम, और तब से लेकर आज तक, चाहे नीति निर्माण हो या क्रियान्वयन, हर निर्णय में इसी भावना की झलक मिलती है। मोदी के नेतृत्व में अब सरकार का मतलब रेस्पॉन्सिव गवर्नमेंट, रिस्पांसिबल गवर्नमेंट, अकाउंटेबल गवर्नमेंट और पब्लिक पार्टिसिपेशन वाली सरकार है। 2014 से पहले के भारत में भ्रष्टाचार, घोटालों और तुष्टिकरण की ही बात सामने आती थी, लेकिन आज विकास, आविष्कार और नवाचार की बातें हो रही हैं।
मोदी जी की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि पूरे प्रदेश के भाजपा कार्यालयों पर जो प्रदर्शनी लगाई जा रही है वह मोदी द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्यों के 11 वर्ष का लेखा-जोखा है जिसे कार्यकर्ताओं को जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा पीएम मोदी ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाकर, अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बनाकर और ऐसे अनेक कार्य करके पार्टी के संकल्पों को सिद्ध करने का काम किया है। आयुष्मान योजना के माध्यम से गरीबों को निशुल्क 5 लाख रूपए तक के इलाज का हक दिया है। प्रधानमंत्री आवास योजना गरीबों के लिए मील का पत्थर साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में 70 वर्ष के जितने भी बुजुर्ग हैं उनका आयुष्मान कार्ड आवश्यक रूप से बनवाएं ताकि उनका बेहतर इलाज हो सके। कार्यक्रम के बाद प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने भगवान महाकाल के दर्शन पूजन कर प्रदेशवासियों के सुख समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस दौरान सांसद उमेशनाथ महाराज, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, प्रदेश सह कोषाध्यक्ष व विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, जिला अध्यक्ष संजय अग्रवाल, ग्रामीण जिला अध्यक्ष राकेश धाकड़, महापौर मुकेश टटवाल, निगम सभापति कलावती यादव, पूर्व मंत्री पारस जैन व पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती, रूप पमनानी, वीरेंद्र कावड़िया, इकबाल सिंह गांधी, श्याम बंसल, राजपाल सिंह सिसोदिया, विवेक जोशी सहित पार्टी पदाधिकारी सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।रहे।