
भोपाल/पचमढ़ी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने पचमढ़ी में तीन दिवसीय सांसद-विधायक प्रशिक्षण वर्ग के समापन के बाद सोमवार को मीडिया को बाइट देते हुए कहा कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं समापन केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया। प्रशिक्षण वर्ग में पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी के साथ केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व का हम सभी सांसद-विधायकों को विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है।
प्रशिक्षण वर्ग में जनप्रतिनिधियों ने वैचारिक प्रतिबद्धता व जनसेवा के संकल्प को और दृढ़ किया। भाजपा संगठन में प्रशिक्षण एक सतत प्रक्रिया है, जिनमें लगातार सीखने, आत्ममंथन करने व जनसेवा हेतु सदैव समर्पित रहने के साथ ही सैद्धांतिक और व्यवहारिक विषयों पर समय-समय पर अपेक्षित कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण होता है। इसी कार्यपकार्यपद्धतिद्धति से ही भाजपा अन्य सभी राजनीतिक दलों से अलग है। भाजपा संगठन की कार्यपद्धति में सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधिगण सदैव सेवाभावी होते हैं, क्योंकि हमारे संगठन में पद का अर्थ केवल सेवाभाव है। यही कारण भी है कि भाजपा सरकार की योजनाओं और संगठन की नीतियों के निर्माण में जनता और राष्ट्र सेवा का भाव सदैव प्रमुख होता है। यह प्रशिक्षण वर्ग हमारे विशिष्ठ कार्य पद्धति का हिस्सा है। समय-समय पर इस तरह के प्रशिक्षण वर्ग निरंतर होते रहे हैं।
गृह मंत्री शाह ने जनसंघ से अब तक पार्टी की यात्रा पर मार्गदर्शन किया
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वर्ष 1951 में जनसंघ की स्थापना से लेकर अब तक पार्टी की यात्रा पर विस्तार से मार्गदर्शन किया। केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने समापन सत्र में कहा कि मैं पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष रहा हूं, लेकिन मैं एक कार्यकर्ता हूं। इसी भाव से हम सभी सांसद-विधायक इस प्रशिक्षण वर्ग में शामिल हुए। पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश जी ने समन्वय- प्रक्रिया, समस्या एवं समाधान विषय पर और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विकसित मध्यप्रदेश अवसर और चुनौतियां विषय पर सत्र को संबोधित किया। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, शिवराज सिंह चौहान, सीआर पाटिल, राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी सहित वरिष्ठ नेताओं का अलग-अलग सत्रों में विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। एक सांसद और पन्द्रह विधायक पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों या स्वास्थ्य कारणों से वर्ग में शामिल नहीं हो पाए। अलग-अलग सत्रों में अलग-अलग वक्ताओं ने समूह चर्चा करके पहली बार सांसद-विधायक बनने वाले कार्यकर्ताओं से नई-नई तकनीक का उपयोग करने पर चर्चा की। सोशल मीडिया में आज मैं कहां हूं और कहां होना चाहिए, इस विषय पर भी विस्तार से चर्चा हुई है।
प्लास्टिक फ्री रहा पूरा प्रशिक्षण वर्ग
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के आयोजन के लिए संचालन और व्यवस्था समिति बनाई थी। हम सभी सांसद-विधायकगणों ने पचमढ़ी के अटल वाटिका में ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के तहत पौधे रोपे हैं। तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया गया। पानी पीने के लिए तांबे के बोतल और ग्लास का उपयोग किया गया। खाने के बर्तन में प्लास्टिक का उपयोग नहीं हुआ। पूरे प्रशिक्षण वर्ग में स्वच्छता का पूरा ध्यान रखा गया। उन्होंने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश भाजपा के सभी जनप्रतिनिधि अंत्योदय के संकल्प को धरातल पर उतारने और विकसित मध्यप्रदेश के साथ ही ‘विकसित भारत’ के निर्माण में सदैव कृत-संकल्पित हैं।हैं।