
ग्वालियर। गिजौर्रा थाना क्षेत्र के भगेह गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच गुरुवार को विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस घटना में कई लोग घायल हो गए। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्ष के लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल लाया गया, जिनमें दोनों पक्ष की दो-दो लोगों को गंभीर चोटें आई थी। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर किया है। खूनी संघर्ष के इस मामले में दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर डबरा पुलिस ने क्रॉस मामला दर्ज कर सात के खिलाफ़ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार बताया गया है कि भगेह गांव में वर्ष 2013 में एक हत्या हो गई थी, लेकिन उसके बाद दोनों पक्षों में राजीनामा भी हो गया था। इसके बाद एक बार फिर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और दोनों पक्षों के लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया।
दोनों पक्ष जब उपचार के लिए पहुंचे तो सिविल अस्पताल डबरा परिसर में ही आपस में एक बार फिर दोनों पक्ष भिड़ गए। वहां पर मौजूद पुलिस और सिविल अस्पताल के कर्मचारी एवं लोगों ने दोनों पक्षों के बीच हुई हाथापाई को रोका और पुलिस ने इस दौरान हंगामा कर रहे दोनों पक्षों के लोगों को कई बार अलग किया ।