क्राइम

पुस्तैनी जमीन के विवाद में दो पक्षों में गोलीबारी, दो घायल, झांसी रोड थाना क्षेत्र के चंदेल का पुरा की घटना, पुलिस गोली लगने की बात को संदिग्ध मान रहीं है

दोनों पक्षों की ओर से करीब आधा दर्जन राउंड फायर , दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने क्रॉस मामला दर्ज किया है

ग्वालियर। झांसी रोड इलाके मे जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष हथियार निकाल लाए और गोलीबारी की। जिसमें दो लोग घायल हुए है। गोलीबारी की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। 

पुलिस के अनुसार चंदेल का पुरा निवासी रमेश गुर्जर-मुकेश गुर्जर भाई है, इनके बीच पुस्तैनी जमीन की मेढ़ को लेकर विवाद चला आ रहा है। शुक्रवार की शाम एक बार फिर उनमें झगड़ा हो गया। तभी दोनों पक्षों ने राइफल और अन्य हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी। दोनों पक्षों की ओर से करीब आधा दर्जन गोली चलाई गई। तभी खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो दो युवकों को छर्रे लगने की जानकारी मिली। लेकिन पुलिस गोली लगने की बात को संदिग्ध मान रहीं है। फिलहाल दोनो पक्षों की शिकायत पर क्रास मामला दर्ज किया है।  

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

सीएसपी झांसी रोड हिना खान के अनुसार जमीन विवाद में चंदेल का पुरा इलाके में फायरिंग हुई है, दो युवकों को अस्पताल भेजा गया है। मामले में जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।