
भोपाल। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बुधवार की सुबह भोपाल स्थित कोटरा नेहरू नगर एवं 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र, भदभदा (शहर संभाग दक्षिण) का औचक निरीक्षण किया । इस दौरान उन्होंने विद्युत आपूर्ति की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण को विद्युत सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार, जनहित की आवश्यकताओं की पूर्ति तथा कर्मचारियों के हितों की रक्षा की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण पहल बताया।बताया।
ऊर्जा मंत्री ने निरीक्षण के दौरान ट्रिपिंग, अनियमित विद्युत आपूर्ति और रखरखाव से जुड़ी चुनौतियों पर गहन चर्चा की। उन्होंने संबंधित इंजीनियरों को निर्देश दिये कि किसी भी प्रकार की तकनीकी गड़बड़ी या लापरवाही को तत्काल दूर किया जाए। ऊर्जा मंत्री तोमर ने भदभदा विद्युत वितरण केन्द्र के निरीक्षण के दौरान लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कनिष्ठ अभियंता की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने उपकेन्द्र परिसरों में स्वच्छता, तकनीकी उपकरणों की स्थिति तथा उनकी कार्यक्षमता को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि उपकेन्द्रों की नियमित सफाई, तकनीकी संसाधनों का समय पर रखरखाव तथा कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करना निर्बाध विद्युत आपूर्ति की मूलभूत शर्तें है
ऊर्जा मंत्री तोमर ने नेहरु नगर में स्थानीय निवासियों से चर्चा करते हुए स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता, प्रत्येक नागरिक को सुचारु, सुरक्षित और सुलभ विद्युत सेवा उपलब्ध कराना है। इसके लिए कार्यकुशलता एवं त्वरित कार्रवाई को सुनिश्चित किया जाएगा।
मंत्री तोमर ने भोपाल में टेन्ट में किया रात्रि विश्राम
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने पर्यावरण सुरक्षा के अपने संकल्प के तहत मंगलवार की रात भोपाल स्थित अपने सरकारी आवास के समीप पार्क में टेन्ट में रात्रि विश्राम किया। ऊर्जा मंत्री ने मंगलवार को संकल्प अनुसार टेन्ट में रात्रि विश्राम किया। उन्होंने कहा कि यह संकल्प केवल प्रतीक नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति एक जीवंत प्रतिबद्धता है। इसका उद्देश्य प्राकृतिक जीवनशैली अपनाकर सभी को यह संदेश देना है कि हमारे दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव भी बड़े परिणाम ला सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि जब विचार और व्यवहार में सामंजस्य होता है, तभी संकल्पों की सार्थकता पूर्ण होती है।है।