
ग्वालियर। विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून के अवसर पर प्रदेश के ऊर्ज मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने साइकिल चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस साइकिल रैली में विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि, स्कूली बच्चे, एनसीसी के छात्र-छात्रायें एवं यूथ हॉस्टल के सदस्यगण शामिल हुए।
यूथ हॉस्टल द्वारा आयोजित साइकिल रैली का शुभारंभ विश्व पर्यावरण दिवस पर शहर के हृदय स्थल महाराज बाड़े से सुबह 6.15 बजे प्रारंभ हुआ। इस मौके पर पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता, संस्था के संरक्षक एवं पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, संस्था के चेयरमेन शैलेन्द्र माहौर सहित डीआईजी अमित सांघी, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी शामिल हुए।
साइकिल रैली सराफा बाजार, गश्त का ताजिया, फालका बाजार, गुरुद्वारा, जयेन्द्रगंज होकर फ्लैग प्वॉइंट थीम रोड पहुँची। रैली के समापन अवसर पर ऊर्जा मंत्री तोमर ने प्रतिभागियों को 250 पौधे एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। ऊर्जा मंत्री ने उपस्थित सभी को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने कलेक्टर ई-रिक्शा से पहुँचीं ऑफिस
विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिये कलेक्टर रुचिका चौहान आज अपने निवास से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक ई-रिक्शा में बैठकर पहुँचीं। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ ही कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिये पौधरोपण का कार्य भी किया।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने विश्व पर्यावरण दिवस पर जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे पर्यावरण संरक्षण के लिये अधिक से अधिक पौधा रोपण करें। अपने घर के आस-पास या अन्य उपयुक्त स्थान पर जिले का हर नागरिक कम से कम एक पेड़ माँ के नाम अवश्य लगाए।
कलेक्टर चौहान ने कहा कि प्रदेश शासन द्वारा लिए गए निर्णय के परिपालन में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण का वृहद अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। अभियान के तहत प्रतिकात्मक रूप से एक पेड माँ के नाम लगाने का कार्य प्रारंभ किया है। जिले में वर्षा ऋतु के दौरान वृहद रूप से वृक्षारोपण का कार्य हाथ में लिया जायेगा। इसके लिये सभी तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण का कार्य हाथ में लिया जायेगा। शहर में वार्ड स्तर पर और ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत स्तर पर वृक्षारोपण की कार्ययोजना तैयार कर उसे अमलीजामा पहनाया जायेगा।
कलेक्टर चौहान ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि जिले के पर्यावरण को संरक्षित करने के लिये समाज के सभी वर्ग बढ़-चढ़कर भागीदारी निभायें। शासन- प्रशासन स्तर से वक्षारोपण का अभियान चलाया जायेगा। शासन के प्रयासों के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर शहर के पर्यावरण को बेहतर बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास करेंगे।
पर्यावरण जागरूकता रैली से किया जागरूक; सांसद भारत सिंह कुशवाह ने जागरूकता रैली का किया शुभारंभ
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं जिला प्रशासन और नगर निगम के सहयोग से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। जागरूकता रैली का शुभारंभ ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने किया। इस मौके पर डीआईजी अमित सांघी, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और पर्यावरण प्रेमी उपस्थित थे।
क्षेत्रीय सांसद कुशवाह ने फ्लैग प्वॉइंट थीम रोड से पर्यावरण जागरूकता रैली का शुभारंभ किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की वर्तमान समय में महती आवश्यकता को बताते हुए कहा कि हम सबको अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के साथ-साथ पर्यावरण को संरक्षित करने की दिशा में सार्थक प्रयास करना चाहिए।
पर्यावरण संरक्षण रैली फ्लैग प्वॉइंट कटोराताल से प्रारंभ होकर इंदरगंज चौराहा, फूलबाग उद्यान पहुँची और सभी को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।